कोटा/ सुल्तानपुर/सांगोद। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से क्षेत्र के किसानों की सुविधाओं और कृषि विपणन ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।
राजस्थान सरकार के कृषि विपणन निदेशालय, जयपुर ने कोटा (अनाज) मंडी के अंतर्गत आने वाले सांगोद और सुल्तानपुर सब-यार्ड में विभिन्न नवीन निर्माण कार्यों के लिए 728.34 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के किसानों को फसल बेचने और उनके भंडारण के लिए आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। जिससे लंबे समय से चली आ रही आधारभूत ढाँचे की मांग पूरी होगी।
जारी आदेश के अनुसार, सांगोद सब-यार्ड में किसानों की सुविधा के लिए 705.73 लाख रुपए की लागत से 400’×100′ आकार के विशाल ‘सेल्फ सपोर्टिंग मेटल डोम रूफिंग’ ऑक्शन प्लेटफार्म का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही वहां आवागमन को सुगम बनाने के लिए सर्कुलेटिंग और एप्रोच रोड का निर्माण भी किया जाएगा। इस आधुनिक डोम शेड के बनने से किसानों की फसलें मौसम की मार और बारिश से सुरक्षित रह सकेंगी।
निर्माण कार्यों के साथ-साथ मंडियों के आधुनिकीकरण और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। विभाग द्वारा सांगोद और सुल्तानपुर सब-यार्ड में विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 22.61 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
इसके तहत सांगोद मंडी यार्ड में सर्विस कनेक्शन और स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए 7.12 लाख रुपए तथा सुल्तानपुर सब-यार्ड में 15.49 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से मंडी परिसर रात्रि के समय भी दूधिया रोशनी से सराबोर रहेंगे। जिससे किसानों और व्यापारियों को कार्य करने में सुगमता होगी।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि इन सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सार्वजनिक निर्माण विभाग के मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। ऊर्जा मंत्री ने इस बड़ी सौगात के लिए मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास और उन्हें उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने हेतु बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए संकल्पबद्ध है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से सांगोद विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ पहुँचेगा।
कृषि क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है
“सांगोद और सुल्तानपुर की मंडियों का कायाकल्प होना क्षेत्र के किसानों की पुरानी मांग थी। इस बड़ी सौगात के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री, प्रदेश के कृषि मंत्री और विशेष रूप से कोटा-बूंदी सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हृदय से आभार है। ओम बिरला जी के मार्गदर्शन और केंद्र व राज्य सरकार के समन्वय से ही हाड़ौती के किसानों को निरंतर नई सुविधाएं मिल रही हैं। उनके प्रयासों से ही कृषि क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ‘अन्नदाता’ के कल्याण के लिए समर्पित है। कृषि उपज मंडी समिति कोटा अनाज के माध्यम से होने वाले इन कार्यों से स्थानीय व्यापार को भी नई ऊंचाइयां मिलेंगी।” हीरालाल नागर, ऊर्जा मंत्री


