शेयर बाजार में हाहाकार, निवेशकों के 5.91 लाख करोड़ रुपये से अधिक स्वाहा

147

मुंबई। शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को हाहाकार मचा हुआ है। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग और इससे उपजे तनाव की वजह से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। सुबह के कारोबार में निवेशकों की 5.91 लाख करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति स्वाहा हो गई।

सोमवार को लगातार यह चौथा दिन था जब शेयरों में गिरावट जारी रही। BSE सेंसेक्स 1,735.98 अंक या 3.19 प्रतिशत गिरकर 52,597.83 पर आ गया, यह कमजोर वैश्विक इक्विटी और कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि को दर्शाता।

इससे पहले शेयर बाजार में शुक्रवार को भी भारी गिरावट रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 366 अंक (0.66%) गिरकर 55,102 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 108 अंक (0.55%) टूटकर 16,498 पर बंद हुआ था।

कच्चे तेल में तेजी जारी
रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमत में लगातार उछाल दर्ज किया जा रहा है। सोमवार यानी 7 मार्च, 2022 को तड़के सुबह ग्लोबल बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 130 डॉलर के पार पहुंच गई। इससे पहले कच्चे तेल ने सबसे पहले 2012 में 128 डॉलर का आंकड़ा छुआ था।