वैश्विक बाजारों में गिरावट से सेंसेक्स 284 और निफ्टी 74 अंक नीचे खुला

735

मुंबई। वैश्विक बाजारों में गिरावट से आज शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। सेंसेक्स 284.30 अंक नीचे और निफ्टी 74.05 पॉइंट नीचे खुले। हालांकि, ट्रेडिंग के 30 मिनट बाद ही बाजार में बढ़त आई। अभी बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इससे पहले बुधवार को बाजार बढ़त के साथ खुला था, लेकिन बंद होते-होते इसमें गिरावट आ गई।

ट्रेडिंग के दौरान बाजार 800 अंक से ज्यादा ऊपर जाने में सफल रहा था। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स ने 310.21 अंक या 1.01% नीचे 30,379.81 का और निफ्टी ने 68.55 पॉइंट या 0.76% नीचे 8,925.30 का करोबार किया था। इस सप्ताह बाजार बढ़त के साथ बंद नहीं हो पाया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की फंडिंग रोक दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर डब्ल्यूएचओ की भूमिका की समीक्षा की जाएगी। अमेरिका डब्ल्यूएचओ को सालाना करीब तीन हजार करोड़ रु. की वित्तीय सहायता प्रदान करता है।

दुनियाभर के बाजारों में गिरावट रही
बुधवार को भारत के साथ दुनियाभर के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 1.86 फीसदी की गिरावट के साथ 445.41 अंक नीचे 23,504.30 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 1.44 फीसदी गिरावट के साथ 122.56 अंक नीचे 8,393.18 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 2.20 फीसदी गिरावट के साथ 62.70 पॉइंट नीचे 2,783.36 पर बंद हुआ। फ्रांस, कनाडा, जर्मनी, इटली, जापान के बाजरों में भी गिरावट देखी गई।