पुलिस लाइन मैस में गड़बड़ी पर एएसआई बर्खास्त, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

0
2

कोटा। पुलिस विभाग ने अनियमितताओं और जुआ-सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस लाइन मैस में पिछले छह महीने से चल रही गड़बड़ियों की जांच के बाद सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रूपराम मीणा को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

वहीं, जुआ-सट्टा गतिविधियों को रोकने में लापरवाही सामने आने पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा भीमगंजमंडी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

पुलिस लाइन मैस के संचालन में लंबे समय से अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विभाग की ओर से मामले की जांच कराई गई। जांच अधिकारी की रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर नगर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने सहायक उपनिरीक्षक रूपराम मीणा को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया।

इस मामले में आपराधिक जिम्मेदारी तय करने के लिए नयापुरा थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। मैस की अनियमितताओं को लेकर कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठे थे। पुलिस प्रशासन अब इस प्रकरण से जुड़ी अन्य गड़बड़ियों की भी समीक्षा कर रहा है।

शहर में जुआ और सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में 26 नवंबर को पुलिस की विशेष टीम ने पांच लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया था।

इस मामले में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लगा पाने और लापरवाही सामने आने पर बीट कांस्टेबल अर्जुन, कांस्टेबल विनोद मीणा और एक आसूचना अधिकारी को निलंबित कर दिया गया।