भगवान महावीर स्वामी का संदेश आज भी प्रासंगिक: बिरला

0
66

जन्मकल्याणक महोत्सव से वर्चुअली जुड़े लोक सभा अध्यक्ष

कोटा। 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में बड़ी संख्या में जैन बंधु पहुंचे। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला भी दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्पीकर बिरला ने कहा कि हजारों वर्ष पहले भगवान महावीर स्वामी ने जो शिक्षाएं और संदेश दिया वह आज भी प्रासंगिक हैं। अहिंसा, अपरिग्रह, करुणा और क्षमा के विचार आज जनमानस की जीवन पद्धति बन गए हैं।

बिरला ने कहा कि महावीर स्वामी ने मानवता को शांति, प्रेम, सौहार्द और बंधुत्व की भावना के साथ जीवन जीने का मार्ग बताया। सम्पूर्ण विश्व एक है और सभी प्राणी एक ही परिवार के सदस्य हैं, एक का सुख सबका सुख है, एक की पीड़ा सभी की पीड़ा है, उनका यह संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए आदर्श है।

लोक सभा अध्यक्ष ने का कि उनकी शिक्षाएं जीवमात्र पर दया करने की सीख देती है। उनके द्वारा प्रतिपादित ज्ञान हमारी चेतना और विवेक पर गहरा प्रभाव छोड़ते हुए समतामूलक और मानवतावादी समाज की स्थापना की ओर लक्षित करता है। इस तरह के आयोजन भगवान महावीर स्वामी के संदेशों का प्रसार करते हुए मानव कल्याण का पथ प्रशस्त करते हैं।