मेयर और डिप्टी मेयर ने गोवंश के रखरखाव, चारे की गुणवत्ता का जायजा लिया
कोटा। महापौर अनुसुईया गोस्वामी और उपमहापौर विवेक राजवंशी ने रविवार सुबह अचानक बंधा धर्मपुरा स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। वे बिना सूचना गौशाला परिसर पहुंचे और करीब एक घंटे तक दोनों ने गौशाला में रहकर गोवंश के रखरखाव, चारे की गुणवत्ता और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि अक्सर नगर निगम की गौशाला को लेकर नकारात्मक समाचार सामने आते हैं। इसी कारण अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखने का प्रयास किया गया।
क्षमता से अधिक गोवंश, जगह की कमी
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आया कि वर्तमान में गौशाला में क्षमता से अधिक गोवंश होने के कारण जगह की कमी बनी हुई है। इसके स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को गौशाला के विस्तार के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि गौशाला में गोवंश के रखरखाव और सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
गर्भवती और बीमार गायों की अलग व्यवस्था
उपमहापौर विवेक राजवंशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गर्भवती तथा बीमार गोवंश के लिए अलग व्यवस्था मिली। मौके पर दवाओं की उपलब्धता पर्याप्त पाई गई और बीमार गोवंश का उचित उपचार किया जा रहा था। गौवंश को दिए जा रहे भूसे की गुणवत्ता भी संतोषजनक मिली। हालांकि खल-चूरी की गुणवत्ता में मामूली कमी नजर आई। इस संबंधित कार्मिकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

