नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तरों पर खरीदारी देखने को मिली। हालांकि, बाजार में दोनों कीमती धातुओं को लेकर अभी भी सतर्कता बनी हुई है। अमेरिका में महंगाई की चिंताओं के बीच फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने सोने-चांदी की तेजी पर दबाव बना रखा है।
MCX पर सोने का भाव शुक्रवार को 1,36,502 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। शुरुआती कारोबार में सोने ने 1,37,587 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ। वहीं, चांदी की कीमत 1,79,692 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली। खरीदारी बढ़ने के बाद चांदी 1,80,199 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी निचले स्तरों से खरीदारी देखने को मिली। COMEX पर सोना 3,920 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था। इससे पहले यह गिरकर 3,850 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था, जो करीब एक साल का निचला स्तर है। वहीं, चांदी भी 52 सप्ताह के निचले स्तर 48.050 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंचने के बाद संभली।
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में महंगाई की नई चिंताओं के कारण फेडरल रिजर्व की अगली बैठक में ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। इससे अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ है और बॉन्ड यील्ड में भी तेजी आई है।
SEBI रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका सोने और चांदी के लिए नकारात्मक संकेत है। मजबूत डॉलर और बढ़ती बॉन्ड यील्ड से इनकी कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।

