निवेशकों के समर्थन से सेंसेक्स 368 अंक की बढ़त के साथ 59,552 पर

274

मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स मंगलवार को निवेशकों के समर्थन से 368.32 अंक की बढ़त के साथ 59,551.54 पर कारोबार कर रहा है। इसके 30 शेयर्स में से केवल 4 गिरावट में हैं।

सेंसेक्स 160 अंक ऊपर 59,343 पर खुला था। दिन में इसने 59,468 का ऊपरी और 59,257 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से केवल 4 गिरावट में हैं। 26 स्टॉक बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। बढ़नेवाले प्रमुख शेयर में NTPC, पावरग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, बजाज फाइनेंस हैं। इसके साथ ही बजाज फिनसर्व, ITC, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और नेस्ले भी बढ़त मे हैं।

HDFC बैंक, HCL टेक में गिरावट: गिरने वाले स्टॉक में HDFC बैंक, HCL टेक और अल्ट्राटेक सीमेंट हैं। इनमें एक पर्सेंट से भी कम गिरावट है। सेंसेक्स के 450 शेयर अपर सर्किट में और 64 लोअर सर्किट में कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब कि एक दिन में इससे ज्यादा बढ़त या गिरावट उस शेयर्स में नहीं हो सकती है।

आज लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 270.89 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 269.95 लाख करोड़ रुपए था। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 90 पॉइंट्स बढ़त के साथ 17,715 पर कारोबार कर रहा है। दिन में इसने 17,720 का ऊपरी और 17,647 का निचला स्तर बनाया था। निफ्टी 17,681 पर खुला था।

इसके 50 शेयर में से 40 बढ़त में और 10 गिरावट में कारोबार कर रहे हैँ। निफ्टी के नेक्स्ट 50, बैंकिंग, फाइनेंशियल और मिडकैप इंडेक्स तेजी में हैं। इसके प्रमुख बढ़ने वाले स्टॉक में NTPC, ONGC, पावरग्रिड और महिंद्रा एंड महिंद्रा हैं। गिरने वाले शेयर्स में टाटा मोटर्स, HCL टेक, विप्रो और अल्ट्राटेक सीमेंट हैं।

कल 929 अंकों बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार
इससे पहले सोमवार को शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 929 अंक बढ़कर 59,183 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 271 अंक बढ़कर 17,625 पर रहा। निवेशकों की संपत्ति यानी लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप कल 269.95 लाख करोड़ रुपए रहा। इसमें करीबन 4 लाख करोड़ रुपए की बढ़त रही।