रामायण के प्रसंगों से सीखो- धैर्य, विवेक और संयम का महत्व: स्वामी गोविन्द देव गिरी

0
5

छप्पन भोग परिसर में तीन दिवसीय हनुमान कथा का समापन

कोटा। जीवन में मर्यादा, धैर्य और विवेक का पालन ही मनुष्य को सुख, सम्मान और सफलता की ओर ले जाता है। परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, जल्दबाजी के बजाय संयम से काम लेना ही सच्ची बुद्धिमानी है।

जीवन में जितना मर्यादित रहना सीखेंगे, उतना ही सुख प्राप्त होगा। यह संदेश प्रसिद्ध कथावाचक एवं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या के महासचिव स्वामी गोविन्ददेव गिरी महाराज ने खुवाल परिवार की ओर से छप्पन भोग परिसर में आयोजित तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं को दिया।

महाराज जी ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से मर्यादा, धैर्य, विवेक और संयम का महत्व समझाया। उन्होंने लंका में भगवती सीता के समक्ष रावण के अहंकार, उसके बल प्रदर्शन और विवाह के प्रस्ताव का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भगवती सीता ने रावण की बातों का निर्भीकता से प्रतिकार किया।

सीता माता ने उसके पराक्रम के दावों पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि यदि उसमें वास्तव में बल और साहस होता तो वह भगवान श्रीराम से युद्ध करके उन्हें प्राप्त करने का प्रयास करता, न कि छलपूर्वक उनका अपहरण करता।

महाराज जी ने इस प्रसंग से समझाया कि भारतीय संस्कृति में मर्यादा केवल व्यवहार का नियम नहीं, बल्कि जीवन को संस्कारित और सुरक्षित रखने का आधार है। बड़ों से बातचीत करने, सम्मान देने और अपनी सीमाओं का ध्यान रखने जैसी परंपराएं समाज में संस्कारों को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम जीवन में मर्यादाओं का महत्व समझें और अपने व्यवहार में उन्हें अपनाएं।

उन्होंने हनुमान जी के लंका में सीता माता के दर्शन तथा रावण के क्रोध के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना बड़ी बुद्धिमानी है। हनुमान जी सामर्थ्यवान होने के बावजूद उचित समय की प्रतीक्षा करते हैं। इससे सीख मिलती है कि हर परिस्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं, बल्कि सोच-समझकर उठाया गया कदम ही सफलता दिलाता है।

महाराज जी ने भगवान श्रीराम और भगवती सीता के विरह प्रसंग का वर्णन करते हुए हनुमान जी की संवेदनशीलता, समर्पण और प्रभु के प्रति प्रेम को भी भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया। कथा में मार्ग की बाधाएं, लंका प्रवेश, सीता माता के दर्शन, वाटिका विध्वंस, लंका दहन, पुनरागमन, मधुवनोत्सव, सेतु निर्माण, लक्ष्मण संजीवन और श्रीराम राज्याभिषेक के सम्मान प्रसंग का मनमोहक वर्णन किया। प्रसंगों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

‘हनुमानजी ऐसे भक्त हैं…..
भगवान के प्रति सच्चा प्रेम और समर्पण ऐसा होता है, जिसमें भक्त अपने आराध्य के लिए सब कुछ न्योछावर कर देता है। श्री हनुमानजी महाराज ऐसे भक्त हैं, जिन्होंने अपनी निस्वार्थ सेवा, समर्पण और प्रभु श्रीराम के प्रति अगाध प्रेम से भगवान को भी अपने ऋण में बांध दिया। भगवान श्रीराम स्वयं हनुमानजी के ऋणी होने की बात कहते हैं। यह भक्ति की वह पराकाष्ठा है, जो भक्त और भगवान के संबंध को अद्भुत ऊंचाई प्रदान करती है। महाराजजी ने भरतजी के श्रीराम के प्रति प्रेम तथा हनुमानजी की अद्भुत सेवा भावना का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान अपने भक्तों के हृदय की भावनाओं को जानते हैं।

उन्होंने भरतजी के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीराम ने हनुमानजी को भरत की मन:स्थिति जानने के लिए भेजा था। हनुमानजी जब भरतजी के प्रेम, समर्पण और श्रीराम के वियोग में उनकी भावनाओं को देखते हैं तो भावविभोर हो जाते हैं। लौटकर प्रभु श्रीराम से कहते हैं कि ऐसे प्रेमी का दर्शन उन्होंने आज तक नहीं किया। इस पर भगवान श्रीराम कहते हैं कि उन्होंने हनुमानजी को परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि अपने वियोग में भरतजी की प्रेममयी अवस्था का दर्शन कराने के लिए भेजा था।

महाराजजी ने हनुमानजी के मणियों वाले प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि हनुमानजी के लिए प्रत्येक वस्तु में प्रभु श्रीराम का होना ही सर्वोपरि था। उनकी भक्ति का आधार दिखावा नहीं, बल्कि हृदय में प्रभु का निरंतर स्मरण था। सीताजी और भगवान श्रीराम द्वारा हनुमानजी को सम्मान एवं उपहार देने के प्रसंग में उन्होंने बताया कि हनुमानजी की सेवा का मूल्य भगवान भी नहीं चुका सकते।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम स्वयं स्वीकार करते हैं कि वे हनुमानजी के ऋणी हैं। हनुमानजी ने प्रभु के लिए सेवा कर अपना कर्तव्य पूरा किया, लेकिन भगवान उनके समर्पण को कभी भुला नहीं सके। हनुमानजी चिरंजीवी हैं और जहां भी भक्त श्रद्धापूर्वक उनका स्मरण करते हैं, वे वहां कृपा करने पहुंच जाते हैं।

महाराजजी ने श्रद्धालुओं से कहा कि हनुमानजी की कृपा और आनंद प्राप्त करने का सहज मार्ग अपने घर के ठाकुरजी के समक्ष प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करना है। भारतवर्ष में भगवान श्रीराम के मंदिरों से भी अधिक हनुमानजी के मंदिर होना इस भक्ति परंपरा की व्यापकता का प्रतीक है। संतों की परंपरा ने हनुमान भक्ति की चेतना को सदियों से जीवंत रखा है। इसी चेतना को पुनर्जागृत करने के उद्देश्य से कोटा नगरी में खुवाल परिवार द्वारा आयोजित श्री हनुमान कथा भगवान श्रीराम के चरणों में समर्पित सेवा है।

कथा के प्रारंभ में खुवाल परिवार के सदस्य गोरधनदास खुवाल, डॉ. सीबी दास गुप्ता, भगवानदास खुवाल, गोविन्द दास खुवाल, कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी, राधरमण राठी, डॉ. एकात्म गुप्ता और क्षितिज खुवाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर महाराज जी का आशीर्वाद लिया। कथा की विश्रांति पर कथा संयोजक गोरधनदास खुवाल एवं डॉ. सीबी दास गुप्ता ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।