कोटा। DebateX Educational Summit-2026: राजस्थान के सबसे बड़े राष्ट्रीय शैक्षणिक सम्मेलन डिबेटएक्स एजुकेशनल समिट 2026 का तीन दिवसीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देशभर के विभिन्न राज्यों एवं शिक्षण संस्थानों से आए 1200 से अधिक प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) ने इसमें भाग लेकर ज्ञान, नेतृत्व, तर्कशक्ति और अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के करकमलों द्वारा किया गया।
समिट के दौरान 22 विभिन्न समितियों का गठन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एवं वैश्विक समसामयिक विषयों पर गंभीर चर्चा, तार्किक विश्लेषण और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। कक्षा 5 से लेकर महाविद्यालय स्तर तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ विभिन्न समितियों में सहभागिता की।
सेक्रेटरी जनरल कबीर मित्तल ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए समिट की प्रेरणादायी शुरुआत की। प्रतिदिन आयोजित प्रातःकालीन सत्रों में बौद्धिक एवं ज्ञानवर्धक चर्चाएं हुईं, जबकि सायंकालीन सांस्कृतिक एवं सोशल कार्यक्रमों ने प्रतिभागियों को आपसी संवाद, नेटवर्किंग और मनोरंजन का अवसर प्रदान किया।
इस वर्ष पारंपरिक मॉडल यूनाइटेड नेशंस एवं सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स आधारित समितियों के साथ यंग ओरैटर्स काउंसिल विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस अभिनव मंच ने विद्यार्थियों को प्रभावी वक्तव्य कला, तार्किक चिंतन और नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान किया। समिट के पहले दिन प्रसिद्ध डीजे की लाइव प्रस्तुति एवं भव्य आतिशबाजी ने प्रतिभागियों को रोमांचित कर दिया। दूसरे दिन विभिन्न समितियों में प्रभावशाली बहसें और एसडीजी विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ, जबकि शाम को लाइव बैंड की शानदार प्रस्तुति एवं आकर्षक मास्करेड कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया।
समापन दिवस पर आयोजित 10 कारों एवं 15 बाइकों के रोमांचक ड्रिफ्ट शो ने कार्यक्रम की भव्यता में नया आयाम जोड़ा। इसके पश्चात विभिन्न समितियों के विजेताओं को एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के संस्थापक निदेशक राजेश माहेश्वरी, अमन माहेश्वरी तथा डीडीईएस के अन्य सदस्यों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन प्रसिद्ध कलाकार आदित्य ए तथा इकल्पिस नोवा की संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
इस अवसर पर डीडीपीएस की प्रधानाचार्या डॉ. पूनम जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण को नई दिशा प्रदान करते हैं। डिबेटएक्स एजुकेशनल समिट 2026 ज्ञान, तर्क, संवाद, नेतृत्व और युवा सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायी मंच बनकर उभरा, जिसने राजस्थान ही नहीं बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक उत्ष्टता और नेतृत्व विकास की नई मिसाल स्थापित की।

