ट्रंप के बयान से सेंसेक्स 1300 अंक उछला, निवेशकों को 9.25 लाख करोड़ का फायदा

0
6

नई दिल्ली। Stock Market Update, April 15, 2026: एशियाई बाजारों से पॉजिटिव रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (15 अप्रैल) को जोरदार बढ़त के साथ खुले।
 9.16 बजे सेंसेक्स 1318 अंक यानी 1.72 फीसदी तेजी के साथ 78,166.50 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 381.70 अंक यानी 1.6% तेजी के साथ 24,224.35 अंक पर ट्रेड कर रहा था।

इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 9.25 लाख करोड़ रुपये बढ़कर ₹457.73 लाख करोड़ पहुंच गया। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर आज तेजी के साथ खुले। इंडिगो में सबसे ज्यादा 4 फीसदी तेजी आई है। अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इन्फोसिस, कोटक बैंक और एसबीआई में भी उल्लेखनीय तेजी आई है। 

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 77,981 अंक पर खुला। जबकि सोमवार को यह 76,847 पर बंद हुआ था। सुबह 9:20 बजे यह 1283.90 अंक या 1.67 फीसदी की बढ़त लेकर 78,131.47 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी जोरदार मजबूती के साथ 24,163 पर खुला और इसी के साथ 24 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार निकल गया। सुबह 9:21 बजे यह 378.75 अंक या 1.59 फीसदी की जोरदार तेजी के साथ 24,221.40 पर कारोबार कर रहा था।

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त होने की उम्मीदों का निवेशकों के सेंटीमेंट्स पर पॉजिटिव असर पड़ा। निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान जल्द ही किसी समाधान पर पहुंच सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने हाल ही कहा कि ईरान के साथ युद्ध खत्म होने के करीब है।

निफ्टी- सेंसेक्स की लेवल
कोटक सिक्योरिटीज में इक्विटी रिसर्च श्रीकांत चौहान ने कहा, ”हमारा मानना है कि 24100/78100 का स्तर ट्रेडर्स के लिए एक प्रमुख रेजिस्टेंस ज़ोन के रूप में काम करेगा। जब तक बाजार इस स्तर के नीचे कारोबार करता रहेगा, कमजोर सेंटिमेंट बने रहने की संभावना है। नीचे की ओर, बाजार 23,600-23,500/76600-76300 के स्तर को फिर से टेस्ट कर सकता है। वहीं, अगर 24100/78100 के ऊपर जाता है, तो सेंटिमेंट में बदलाव आ सकता है।”

उन्होंने कहा, ”इस स्तर के ऊपर बाजार 24300/78700 की ओर बढ़ सकता है। अगर निफ्टी इस स्तर के ऊपर बंद होता है, तो आगे और तेजी का मोमेंटम जारी रह सकता है, जिससे इंडेक्स 24,500/79300 तक जा सकता है।”

ग्लोबल मार्केट के संकेत

एशियाई बाजार बुधवार को बढ़त के साथ खुले। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई। यह गिरावट तब आई जब अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म होने के करीब है और दोनों देश दूसरी दौर की बातचीत की योजना बना रहे हैं। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स लगभग 3 प्रतिशत और जापान का निक्केई 225 करीब 0.59 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा था। वहीं, सीएसआई 300 इंडेक्स में 0.16 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

अमेरिकी शेयर बाजार के फ्यूचर्स एशियाई कारोबार के दौरान स्थिर बने रहे। निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत का आकलन कर रहे थे। एसएंडपी 500 फ्यूचर्स में 0.01 प्रतिशत की हल्की गिरावट रही, जबकि डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स 0.02 प्रतिशत बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

वहीं, मंगलवार को एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.18 प्रतिशत बढ़कर 6,967.38 पर बंद हुआ, जो इसके रिकॉर्ड बंद स्तर के काफी करीब है। वहीं, डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज और नैस्डैक कंपोजिट क्रमशः 0.66 प्रतिशत और 1.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

शेयर मार्केट में तेजी के कारण

  • ईरान-अमेरिका के बीच बातचीत के आसार
    रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत होने जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि दोनों पक्षों के बीच जल्द ही वार्ता हो सकती है। एनर्जी संकट से जूझ रहे दुनिया के लिए यह अच्छी खबर है। बता दें, पाकिस्तान में दोनों पक्षों के बीच एक दौर की वार्ता असफल हो गई थी।
  • डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ रुपया
    रुपये की स्थिति आज बेहतर हुई है। डॉलर के मुकाबले रुपया 12 पैसे मजबूत हुआ है। जिसके बाद एक डॉलर की कीमत घटकर 93.23 रुपये हो रह गई है।
  • कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
    ब्रेंट क्रूड की कीमतों में आज बुधवार को गिरावट देखने को मिली है। यह 95 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 0.40 प्रतिशत की गिरावट के बाद 94 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। इससे पहले यह 5 प्रतिशत गिर चुका है। यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडियट क्रूड 1 प्रतिशत की गिरावट के बाद 90 डॉलर पर आ गया है। बीते सत्र में 8 प्रतिशत की गिरावट इसमें देखने को मिली थी।
  • वैश्विक बाजारों में तेजी
    आज एशिया से लेकर अमेरिका तक के बाजारों में उछाल देखने को मिली है। जापान के Nikkei में 1 प्रतिशत, कोरिया के Kospi में 3 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। Nasdaq में 2 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। इसका भी असर घरेलू शेयर बाजार पर पड़ा है।
  • IMF की रिपोर्ट
    आईएमएफ ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था वर्ष 2026 में 6.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने की संभावना है। आईएमएफ ने अपनी ‘वैश्विक आर्थिक परिदृश्य’ रिपोर्ट में यह अनुमान जताते हुए कहा कि इस साल 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ भारत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा।