कोटा। कुन्हाड़ी स्थित रिद्धि-सिद्धि नगर के श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में विवर्धन सागर महाराज एवं प्रवर्तक मुनिश्री विश्वनायक सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित कल्पद्रुम महामंडल विधान में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
कोषाध्यक्ष ताराचंद बडला ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः 6.30 बजे श्री जिनेंद्र भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद सौधर्म इंद्र सहित इंद्र-इंद्राणियों ने भव्य समवशरण में विधि-विधान से अर्घ्य समर्पित किए।
विधान में सर्वसाधु पूजा के अंतर्गत 168 अर्घ्य, आर्यिका पूजा के 24 अर्घ्य तथा पंचकल्याणक पूजा के लिए 120 अर्घ्य समर्पित किए गए। तीर्थंकर भगवान के माता-पिता, केवलियों एवं तीर्थ प्रवर्तन काल की विशेष पूजा-अर्चना भी की गई। इंद्र-इंद्राणियों ने भक्ति भाव से अर्घ्य अर्पित कर पुण्यार्जन किया।
आत्मा में ही है वास्तविक आनंद
धर्मसभा को संबोधित करते हुए गणधर मुनिश्री विवर्धन सागर महाराज ने कहा कि यह जीव अनादि काल से परवस्तु को अपना मानता आ रहा है और संसार के विषय-भोगों में सुख तलाश रहा है, जबकि वास्तविक सुख अपनी आत्मा में रमण करने से प्राप्त होता है। मनुष्य अपनी इच्छाओं की पूर्ति होने पर प्रसन्न होता है और विपरीत परिस्थितियां आने पर दुखी हो जाता है। यही राग-द्वेष का कारण बनता है। राग-द्वेष से ही नवीन कर्मों का बंध होता है और जीव संसार में भटकता रहता है।
आचार्य पदारोहण महोत्सव और पिच्छिका परिवर्तन कल
मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं पंकज खटोड़ ने बताया कि मुनिश्री विवर्धन सागर महाराज के सानिध्य में 16 से 22 नवंबर तक अष्टान्हिका पर्व एवं कल्पद्रुम महामंडल विधान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 21 एवं 22 नवंबर को विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।

