कोटा। Kota Station Platform 2 Block: कोटा रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों के तहत अगले चरण में प्लेटफॉर्म-2 पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए 23 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक 15 दिन का ब्लॉक लिया गया है। इस अवधि में चार ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन तथा चार ट्रेनों के प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन में अस्थायी बदलाव किया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ब्लॉक अवधि में प्लेटफॉर्म-2 ट्रेन संचालन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। यात्रियों की सुविधा एवं सुचारु रेल परिचालन के लिए कुछ ट्रेनों को कोटा के स्थान पर सोगरिया स्टेशन से संचालित किया जाएगा, जबकि चार ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। प्लेटफार्म न.2 पर आने जाने वाली ट्रेने अन्य प्लेटफार्म पर परिचालन सुविधानुसार शिफ्ट की जाएगी|
सोगरिया स्टेशन पर समाप्त होने वाली ट्रेनें
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार गाड़ी संख्या 19812 इटावा–कोटा एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक तथा गाड़ी संख्या 22984 इंदौर–कोटा एक्सप्रेस एवं 61634 बीना–कोटा मेमू 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक कोटा के स्थान पर सोगरिया स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेंगी।

