ग्रामीण क्षेत्र में सभी खेल सुविधाएं देंगे ताकि यहां का युवा भी विदेश में लहराए तिरंगा

181

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लाखेरी में किया स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का शिलान्यास

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को लाखेरी को खेल क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी सौगात दी। उन्होंने केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल के साथ 4.5 करोड़ की लागत से बनने वाले इनडोर स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह से बिरला ने कहा कि हम ग्रामीण क्षेत्र में वे सभी खेल सुविधाएं देना चाहते हैं जिससे यहां का युवा भी विदेश में जाकर तिरंगा लहराए।

लाखेरी के खेल स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में स्पीकर बिरला ने पहले विधि-विधान से पूर्जा अर्चना कर खेलो इंडिया के तहत बनने वाले इनडोर स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। इसके बाद वहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि लाखेरी का युवा भी देश का नाम रोशन करना चाहता है, लेकिन उसे कभी वह संसाधन नहीं मिले जो उसे आगे बढ़ने में मदद करते। आज उनके चेहरों पर जो उत्साह और उमंग है, उसे देखकर विश्वास हो रहा है कि यहां का युवा हाड़ौती और प्रदेश का नाम रोशन करेगा।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में यहां इनडोर स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स बन रहा है, जिसमें खिलाड़ी सभी मौसम में अभ्यास कर सकेंगे। गर्मी, सर्दी, बरसात उनको लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में बाधा नहीं बनेंगे। खेल स्टेडियम में विस्तार की अपार संभावनाए हैं, यहां दूसरे चरण के लिए एक विस्तृत और व्यापक योजना बनाई जाएगी। हम इसे एक ऐसे स्थान के रूप में विकसित करेंगे जहां युवा ही नहीं हर उम्र के लोग आकर लाभान्वित होंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने राज्य सरकार पर लाखेरी सहित सम्पूर्ण केशवरायपाटन क्षेत्र के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यहां जो भी विकास हो रहा है वह स्पीकर ओम बिरला के प्रयासों और केंद्र सरकार के धन से हो रहा है। वे भी विधायक कोष की राशि से ही कार्य करवा पा रही हैं। राज्य सरकार की ओर से यहां के लिए फंड जारी नहीं किया जा रहा है। केशवरायपाटन संभवतः प्रदेश का अकेला ऐसा विधानसभा क्षेत्र हैं जहां महाविद्यालय नहीं हैं।

बच्चों को खेल मैदान भेजें अभिभावक
स्पीकर बिरला ने माता-पिता का आव्हान किया कि वे अपने बच्चों को खेल मैदान जरूर भेजें। खेलने से वे अनुशासित और सामर्थ्यवान तो बनते ही हैंए अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए राष्ट्र और समाज के प्रति सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की भावना भी उनमें जागृत होती है। उनमें कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करने का कौशल उत्पन्न होता है, जो उन्हें भविष्य का बेहतर नागरिक बनाता है।

लाखेरी में ही मिले पर्याप्त अवसर
स्पीकर बिरला ने कहा कि लाखेरी में आजादी से पहले ही सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना हो गई थी। लेकिन यहां का उतना विकास नहीं हुआ जितना की अपेक्षित था। यह संभावनाओं से भरा क्षेत्र हैं जिसका लाभ यहां के नागरिकों को मिलना चाहिए। हमें इसे एक ऐसे केंद्र के रूप में विकसित करना चाहते हैं जहां सभी के लिए पर्याप्त अवसर हों।

कैसा होगा इनडोर स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स
लाखेरी में बनने वाले इनडोर स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स अत्याधुनिक होगा। इस काॅम्प्लेक्स में कई खेल खेले जा सकेंगे। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए यहां 4 बैडमिंटन कोर्ट, 3 वाॅलीबाॅल कोर्ट, एक बाॅस्केटबाॅल कोर्ट व खो-खो कोर्ट तथा टेबल टेनिस खेलने की व्यवस्था होगी। पुरूष तथा महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम व सुविधाएं होंगी। इस काॅम्प्लेक्स में 500 दर्शक भी आ सकेंगे। इसको पूरा करने के लिए एक वर्ष का समय निर्धारित किया गया है।