कोरोना की दहशत में बाजार, सेंसेक्स 535 अंक गिरकर 48,680 के स्तर पर

0
507

मुंबई। शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार 6वें दिन गिरावट है। BSE सेंसेक्स 535 अंकों की गिरावट के साथ 48,680.56 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में 30 में से 27 शेयरों में गिरावट है। ONGC का शेयर सबसे ज्यादा 4.5% नीचे आ गया है। निफ्टी इंडेक्स भी 173 अंकों की गिरावट के साथ 14,384.05 पर कारोबार कर रहा है। कोरोना की दहशत में BSE सेंसेक्स सुबह 09:15 बजे 335 अंकों की गिरावट के साथ 48,881.19 पर और निफ्टी 86.7 अंक नीचे 14,471.15 पर खुला।

बाजार में गिरावट की मुख्य वजह

  • देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 39,643 केस आए, 20,338 मरीज ठीक हुए और 155 ने जान गंवाई।
  • अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 14 महीने के सबसे ऊंचे स्तर 1.75% पर पहुंच गया है। यह पिछले साल जनवरी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा है।
  • दुनियाभर के शेयर बाजार में भारी बिकवाली है। जापान, चीन, हॉन्गकॉन्ग के बाजारों में गिरावट है। अमेरिकी बाजार भी कल गिरावट के साथ ही बंद हुए थे।

मेटल, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली
निवेशक सबसे ज्यादा मेटल, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली कर रहे हैं। निफ्टी ऑटो और मेटल इंडेक्स में 2-2% से ज्यादा की गिरावट है। बैंकिंग इंडेक्स 403 अंकों की गिरावट के साथ 33,452.90 पर आ गया है। वहीं, BSE पर 2,088 शेयरों में कारोबार कर रहा है। 309 शेयरों में बढ़त और 1,717 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 197.64 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 201.12 लाख करोड़ रुपए रहा था।

दुनियाभर के शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव
अमेरिकी बाजारों में बिकवाली से दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट है। जापान का निक्केई इंडेक्स 285 अंक यानी 0.94% नीचे 29,931 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स में 458 अंक यानी 1.56% की गिरावट है, इंडेक्स 28,946 पर आ गया। इसी तरह चीन के शंघाई कंपोजिट और कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी 1-1% की गिरावट है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरीज 25 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 6,978 अंकों पर कारोबार कर रहा है।