कोटा में गूंजे रफ़ी के तराने, एडीएम सिटी मल्होत्रा ने भी सुनाए सदाबहार नगमे

0
9

सुर सम्राट रफ़ी की पुण्यतिथि पर संगीतमय श्रद्धांजलि समारोह में कलाकारों ने बांधा समां

कोटा। सुर सम्राट स्वर्गीय मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम “रफ़ी के तराने” का आयोजन थेगड़ा स्थित एक रिसॉर्ट में किया गया। देर रात तक चले इस संगीतमय आयोजन में हाड़ौती अंचल के प्रसिद्ध गायकों ने मोहम्मद रफ़ी के अमर गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के आयोजक असलम रोमी ने बताया कि यह आयोजन पिछले 25 वर्षों से लगातार रफ़ी साहब की याद में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके सदाबहार संगीत से जोड़ना और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ गायक चेतन शर्मा ने मोहम्मद रफ़ी के भजन से किया। इसके बाद मीनाक्षी वर्मा, कृष्णा विजयवर्गीय, इंदुबाला, रीना मोदी, आकाश अब्बास, रोहित शर्मा और राम गौतम सहित अनेक कलाकारों ने रफ़ी साहब के एक से बढ़कर एक कालजयी गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब कोटा एडीएम सिटी विनोद कुमार मल्होत्रा स्वयं मंच पर पहुंचे और मोहम्मद रफ़ी के लोकप्रिय गीत “तुम मुझे यूँ भुला न पाओगे”, “ओ मेरी महबूबा” प्रस्तुत किए। उनकी शानदार गायकी ने उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर बारां एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा तथा कोटा एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनीश अहमद ने भी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के संयोजक हेमंत अग्रवाल एवं नीरज त्रिवेदी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि कोटा एडीएम सिटी विनोद कुमार मल्होत्रा थे।