कृष्णा नदी में रामलला से मिलती-जुलती भगवान विष्णु की हजार साल पुरानी मूर्ति मिली

88

बेंगलुरु। कर्नाटक के रायचूर जिले के एक गांव में कृष्णा नदी से भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्ति मिली है। यह करीब हजार साल पुरानी बताई जा रही है। विशेष बात यह है कि मूर्ति बिल्कुल रामलला की नवनिर्मित मूर्ति से मिलती-जुलती है। पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार यह मूर्ति 11वीं या 12वीं शताब्दी की हो सकती है। यही नहीं, भगवान विष्णु के इस विग्रह के साथ ही एक प्राचीन शिवलिंग भी मिला है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह मूर्ति किसी मंदिर के गर्भगृह का हिस्सा रही होगी। हो सकता है कि इसे मंदिर में हुई तोड़फोड़ से बचाने के लिए नदी में डाला गया होगा। इस विग्रह की नाक थोड़ी क्षतिग्रस्त है।

मूर्ति के चारों ओर दशावतार
भगवान विष्णु की इस मूर्ति के प्रभामंडल के चारों ओर ‘दशावतारों’ को उकेरा गया है। प्रतिमा पर मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिम्हा, वामन, राम, परशुराम, कृष्ण, बुद्ध और कल्की अलंकृत हैं। विष्णु जी की प्रतिमा के चार हाथ हैं, जिसमें दो ऊपर उठे हाथ शंख और चक्र से सुसज्जित हैं। नीचे की ओर सीधे किए दो हाथ आशीर्वाद की मुद्रा में हैं। इनमें एक ‘कटि हस्त’ और दूसरा ‘वरद हस्त’ है।