पालिकाध्यक्ष का पदभार ग्रहण एवं जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ
कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बुधवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के अपने सघन प्रवास के दौरान क्षेत्र को विकास, स्थानीय सुशासन और खेलकूद के क्षेत्र में कई बड़ी सौगातें दीं।
अपने प्रवास के दौरान मंत्री नागर ने सांगोद नगर पालिका के नवनिर्वाचित बोर्ड को पदभार ग्रहण कराने के साथ ही पंचायत समिति सांगोद में 49 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कनवास में जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया।
सांगोद नगर पालिका परिसर में आयोजित भव्य पदभार ग्रहण समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी एवं उपाध्यक्ष महेंद्र शर्मा को विधिवत रूप से उनकी कुर्सी पर बैठाकर पदभार ग्रहण कराया।
इस अवसर पर मंत्री नागर ने कहा कि सांगोद शहर का सुनियोजित विकास, बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नए बोर्ड से बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करने का आह्वान किया।
तत्पश्चात् पंचायत समिति परिसर सांगोद में आयोजित मुख्य लोकार्पण समारोह में ऊर्जा मंत्री ने 49.71 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास व बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का औपचारिक लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत समिति प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं ने की, जबकि जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल अति विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘हर घर नल और हर खेत तक पानी’ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
उन्होंने क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ की आवश्यकता पर बल दिया। लोकार्पित प्रमुख कार्यों में उजाड़ नदी पर ₹4.50 करोड़ की पुलिया व सड़क, बपावरकलां में ₹2 करोड़ का अटल प्रगति पथ, लसेडिया से खडिया की कुई तक सड़क और दर्जनों ग्रामीण ग्रेवल व सी.सी. सड़कें शामिल हैं।
इसी प्रवास के क्रम में ऊर्जा मंत्री नागर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कनवास पहुंचे। जहां उन्होंने 17वीं जिला स्तरीय खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता का ध्वजारोहण व दीप प्रज्ज्वलन कर औपचारिक शुभारंभ किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा राज्य सरकार ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए प्रतिबद्ध है।

