ऊर्जा मंत्री नागर को मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का वैश्विक अवार्ड

0
7

राजस्थान में कोयला आधारित विद्युत गृहों द्वारा रिकॉर्ड स्तर पर बिजली उत्पादन

कोटा। राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन में प्रदेश ने ऊर्जा क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के कोयला आधारित विद्युतगृहों द्वारा रिकॉर्ड स्तर पर बिजली उत्पादन करने के उपलक्ष्य में ‘मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को प्रतिष्ठित वैश्विक अवार्ड से सम्मानित किया है।

विद्युत भवन में आयोजित एक विशेष गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान संस्था के मैनेजर अरिहंत उपाध्याय और कोऑर्डिनेटर गरिमा जैन द्वारा ऊर्जा मंत्री को यह वैश्विक सम्मान पत्र सौंपा गया। इसके साथ ही उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक देवेन्द्र श्रृंगी को भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए वैश्विक सम्मान पत्र प्रदान किया गया।

प्रदेश की इस अभूतपूर्व सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि यह उत्पादन निगम के गठन से लेकर अब तक की सबसे सर्वश्रेष्ठ और ऐतिहासिक उपलब्धि रही है।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष फोकस और विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की अनवरत मेहनत को दिया।

मंत्री नागर ने बताया कि प्रदेश की 7580 मेगावाट क्षमता की सभी 23 थर्मल इकाइयों से गत 2 जून 2026 को 94.60 प्रतिशत यूटिलाइजेशन के साथ रिकॉर्ड 7171 मेगावाट विद्युत उत्पादन दर्ज किया गया, जो राज्य के इतिहास में मील का पत्थर है।

इसके अलावा, इसी दिन सूरतगढ़ थर्मल विद्युतगृह की सभी 8 इकाइयों ने भी अपनी कुल क्षमता 2820 मेगावाट में से अब तक का सर्वश्रेष्ठ 2790 मेगावाट उत्पादन किया।

ऊर्जा मंत्री ने वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली को रेखांकित करते हुए बताया कि कार्यभार संभालते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा ऊर्जा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए गए थे।

सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए उत्पादन निगम ने पूर्व में चली आ रही तकनीकी खामियों को पूरी तरह दूर किया और थर्मल इकाइयों का चरणबद्ध तरीके से बेहतर रखरखाव (मेंटेनेंस) सुनिश्चित किया।

इसी कुशल प्रबंधन और सटीक रणनीति का परिणाम है कि आज राजस्थान बिजली उत्पादन के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मंत्री नागर ने इस वैश्विक अवार्ड को ऊर्जा विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अभूतपूर्व प्रयासों को समर्पित करते हुए उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर ऊर्जा सचिव आरती डोगरा ने भी प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान जोधपुर डिस्कॉम के एमडी डॉ. भंवर लाल, उत्पादन निगम व जयपुर डिस्कॉम के निदेशकों सहित ऊर्जा विभाग के तमाम उच्चाधिकारी मौजूद रहे।