राजस्थान- कैलिफोर्निया के बीच स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक समझौता

0
2

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने की वर्चुअल हस्ताक्षर समारोह में शिरकत

कोटा। राजस्थान और अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के बीच स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक शुरुआत हुई है।

राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग (RERC), कैलिफोर्निया ऊर्जा आयोग (CEC) और कैलिफोर्निया पब्लिक यूटिलिटीज कमीशन (CPUC) के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति पत्र (Memorandum of Intent – MoI) पर वर्चुअल हस्ताक्षर हुए हैं।

हस्ताक्षर समारोह वर्चुअल ही आयोजित किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इस साझेदारी को दोनों राज्यों के सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजस्थान और कैलिफोर्निया भौगोलिक दृष्टि से भले ही एक-दूसरे से बहुत दूर स्थित हैं, लेकिन दोनों ही राज्यों का साझा संकल्प और दूरदर्शी लक्ष्य बिल्कुल एक समान है। वह है- स्वच्छ ऊर्जा का अधिकतम विस्तार और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर व सुरक्षित भविष्य का निर्माण।

उन्होंने बेहद प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस आपसी समझौते के माध्यम से दोनों देशों के ये दो अग्रणी राज्य एक-दूसरे के जमीनी अनुभवों, तकनीकी नवाचारों और विनियामक प्रणालियों से बहुत कुछ सीख सकेंगे।

​मंत्री नागर ने रेखांकित किया कि राजस्थान वर्तमान में भारत के भीतर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित हो चुका है। राज्य में उपलब्ध प्रचुर सौर ऊर्जा तथा अनुकूल पवन गतियों का उपयोग कर बड़े पैमाने पर हरित ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न केवल ऊर्जा उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर रही है, बल्कि आमजन तक किफायती, सुरक्षित और निर्बाध बिजली पहुँचाने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए आधुनिक पावर ग्रिड, उन्नत बैटरी स्टोरेज सिस्टम (BESS) और स्मार्ट मीटरिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को पूरे प्रदेश में तेजी से लागू किया जा रहा है।

​इस सहमति पत्र (MoI) के मुख्य घटकों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि यह तकनीकी आदान-प्रदान का एक सुदृढ़ ढांचा तैयार करेगा। इसके अंतर्गत सौर और पवन ऊर्जा के आधुनिक प्रबंधन, ऊर्जा भंडारण तकनीकों, इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रोत्साहन तथा एक अत्यधिक विश्वसनीय व स्मार्ट ग्रिड प्रणाली के विकास पर दोनों पक्ष आपसी विचार, शोध और सफल अनुभव साझा करेंगे।

कैलिफोर्निया ने ग्रिड मॉडर्नाइजेशन और रिन्यूएबल इंटीग्रेशन में अनुकरणीय कार्य किया है। जिससे राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र को नीतिगत और व्यावहारिक स्तर पर बेहद लाभ मिलेगा।

ऊर्जा मंत्री ने विश्वास जताया कि इस तकनीकी साझेदारी से मिलने वाले निष्कर्षों का सीधा फायदा राजस्थान और कैलिफोर्निया के उपभोक्ताओं को मिलेगा।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल को अमलीजामा पहनाने के लिए राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग तथा कैलिफोर्निया के दोनों ऊर्जा आयोगों के अधिकारियों की पूरी टीम को बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह साझेदारी भविष्य में एक गहरी और लंबी व्यावहारिक मित्रता का रूप लेगी।