100 से अधिक कंपनियां करेंगी शिरकत, करीब ₹2,000 करोड़ के कारोबार का अनुमान
कोटा। Anant Urja Solar Expo-2026: कोटा में सोलर एवं रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में अब तक के सबसे बड़े आयोजनों में से एक ‘अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो-2026’ 6 से 8 सितंबर तक दशहरा मैदान, फेस 2 सीएडी सर्किल कोटा में आयोजित किया जाएगा।
हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी एवं टीपीएन सॉल्यूशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय एक्सपो को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) का सहयोग प्राप्त है।
टी पी एन सॉल्यूशन के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी के अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने बताया कि एक्सपो में 100 से अधिक सोलर निर्माता, EPC कंपनियां, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर तथा रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख कंपनियां अपने उत्पादों और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। तीन दिनों में 30 हजार से अधिक विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है।
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो- 2026 कोटा में सोलर एवं ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में नया इतिहास रचने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर सोलर एवं रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़ा आयोजन कोटा में पहली बार हो रहा है। यह एक्सपो व्यापार, उद्योग और आम उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा।
हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी के अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने बताया कि कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र में सोलर ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ रही है और इसके साथ व्यापार एवं निवेश की संभावनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि अनंत ऊर्जा एक्सपो के माध्यम से सोलर निर्माता, EPC कंपनियां, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर और उपभोक्ता एक ही मंच पर आएंगे। इससे क्षेत्र में नए व्यापारिक संबंध, निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। गुप्ता के अनुसार एक्सपो के माध्यम से कोटा एवं आसपास के क्षेत्रों में करीब ₹2,000 करोड़ के संभावित सोलर कारोबार के अवसर विकसित होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि एक्सपो में सोलर मॉड्यूल, इन्वर्टर, बैटरी, सोलर पंप, सोलर स्ट्रक्चर, EPC सॉल्यूशन सहित रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़ी आधुनिक तकनीकों एवं उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी के उपाध्यक्ष राजनेश सिंह राणा ने कहा कि अनंत ऊर्जा एक्सपो का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि सोलर उद्योग के पूरे इकोसिस्टम को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि निर्माता, EPC कंपनियां, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर, इंस्टॉलर, किसान, उद्योगपति, व्यवसायी और अंतिम उपभोक्ता इस आयोजन के माध्यम से एक-दूसरे से सीधे जुड़ सकेंगे।
राणा ने कहा कि एक्सपो में आने वाले लोगों को सोलर क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों और समाधानों की जानकारी मिलेगी।उन्होंने बताया कि एक्सपो में भाग लेने वाले पात्र प्रदर्शकों को MSME मंत्रालय की लागू योजना, नियमों एवं पात्रता के अनुसार ₹80,000 तक की सब्सिडी प्राप्त हो सकती है।
गोयल ने कहा कि अनंत ऊर्जा का उद्देश्य केवल तीन दिन का एक्सपो आयोजित करना नहीं है। हमारा प्रयास ऐसा मजबूत प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां सोलर उद्योग से जुड़े निर्माता, EPC कंपनियां, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर, किसान, उद्योग, व्यवसायी और उपभोक्ता एक-दूसरे से जुड़ें तथा राजस्थान में रिन्यूएबल एनर्जी के विस्तार को नई गति मिले।”

