अग्रसेन जयंती पर आज होगा अश्वमेध शक्ति पूजन एवं सम्मान समारोह

0
3

भगवान श्रीराम की 33वीं पीढ़ी और 18 गोत्रों के वंशज होंगे शामिल

​कोटा। सूर्यवंशी सर्व अग्रवाल समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के तत्वावधान में अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर रविवार को महासंघ का स्थापना दिवस अत्यंत उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर नयापुरा स्थित अग्रसेन सर्किल पर ‘अश्वमेध शक्ति पूजन एवं सम्मान’ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

​महासंघ के अध्यक्ष गोविंदनारायण अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम प्रातः 9 बजे अग्रसेन सर्किल, नयापुरा पर आयोजित होगा। जिसमें सूर्यवंशी भगवान श्रीराम की 33वीं पीढ़ी, महाराजा अग्रसेन एवं उनके 18 पुत्रों के 18 गोत्रों के प्रत्यक्ष वंशज बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे।

उन्होंने बताया कि सर्व अग्रवाल समाज के सभी 18 गोत्रों से 18-18 सदस्यों का आगामी 26 जनवरी 2027 की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले समारोह में कुल 324 सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

वहीं प्रारंभिक चरण में शहर की समस्त अग्रवाल समाज संस्थाओं द्वारा किए जा रहे सेवाकार्यों व प्रेरणाप्रद गतिविधियों की जानकारी एकत्र कर एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा। जिसका व्यापक स्तर पर निशुल्क वितरण होगा।

आयोजन की सफलता और रूपरेखा को अंतिम रूप महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल, कार्यक्रम प्रभारी संजय गोयल और आयोजन प्रभारी परमानंद गर्ग के मार्गदर्शन में दे दिया गया है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सूर्यदेव के रथ के वाहक अश्वों की महत्ता को रेखांकित करते हुए ’18 अश्व शक्ति’ का विशेष पूजन रहेगा। शास्त्रों एवं सनातन परंपराओं में अश्व को गति, शक्ति, वीरता, विश्वास, सफलता, समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना गया है।

इस आयोजन के प्रचार-प्रसार हेतु हाल ही में अग्रसेन सर्किल पर भव्य पोस्टर का विमोचन किया गया। विमोचन समारोह में संदीप चांदीवाला, राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’, मोहनलाल अग्रवाल, टीकम खाडवाला, संजय गोयल, सुधीर गुप्ता, परमानंद गर्ग और मोहन अग्रवाल (बूंदी वाले) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

महाआरती का आयोजन
अग्रवाल फ्रेंड्स क्लब द्वारा शनिवार शाम अग्रसेन चौराहा पर अग्रसेन जयन्ती की पूर्व संध्या पर महाराजा अग्रसेन, माता माधवी की महाआरती का आयोजन किया गया। फूल बंगला सजाया तथा महाराजा अग्रसेन की 501 दीपक से महाआरती की गई। फ्रेंड्स क्लब की संरक्षक संजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, पार्षद लोकेश गुप्ता, भाजपा जिला पूर्व महामंत्री जगदीश जिंदल, अग्रवाल सेवा उत्तराखंड समिति के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन कोटा जिला के अध्यक्ष विजय गुप्ता, महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल थे। इस अवसर पर अग्रवाल फ्रेंड्स क्लब के संरक्षक भंवर लाल अग्रवाल, जितेंद्र गोयल, सुरेंद्र गोयल आदि उपस्थित थे।