नई दिल्ली। Stock Market Opened : ग्लोबल मार्केट से मिले खराब संकेतों के चलते गुरुवार को घरेलू शेयर मार्केट गिरावट के साथ खुला। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 367 अंकों के नुकसान के साथ 73615 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 110 अंक गंवाकर 23,104 पर खुला।
शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 400 अंक से अधिक की गिरावट आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 23,100 अंक से से नीचे आ गया। सेंसेक्स पिछले सत्र में 73,983.18 अंक पर बंद हुआ था और आज यह 73,615.99 अंक पर खुला। 9.21 बजे यह 289.38 अंक यानी 0.39% गिरावट के साथ 73,693.80 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 75.30 अंक यानी 0.32% टूटकर 23,139.65 अंक पर आ गया। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 35 पैसे की गिरावट के साथ 95.60 पर खुला।
सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर गिरावट के साथ खुले। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। एचसीएल टेक का शेयर 2.96 फीसदी गिरावट के साथ खुला। इसके साथ ही इन्फोसिस, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, टाइटन, टीसीएस, एशियन पेंट्स और टाटा स्टील में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर पावरग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा और भारती एयरटेल में तेजी रही।
ग्लोबल मार्केट का हाल
- एशियाई बाजारों में बिकवाली
ईरान-अमेरिका में तनाव बढ़ने से एशियाई बाजारों में आज गिरावट दर्ज की गई। MSCI एशिया-पैसिफिक इंडेक्स 0.9% गिरा जबकि, दक्षिण कोरिया का KOSPI 3% टूट गया। जापान का निक्केई 225 भी करीब 2 प्रतिशत लुढ़का है। - वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी शेयर मार्केट का प्रमुख सूचकांक डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 953 अंक टूटकर 49918 के लेवल पर आ गया। एसएंडपी 500 में 1.62 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। नैस्डैक कंपोजिट भी 1.98 प्रतिशत लुढ़क गया। - अमेरिका-ईरान तनाव ने बढ़ाई चिंता
मार्केट में गिरावट का कारण अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का रहा। रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों पर नए हमले किए हैं। इसके जवाब में ईरान ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऑयल रूट्स में से एक होर्मुज को बंद करने की घोषणा की है। इस घटनाक्रम के बाद ब्रेंट क्रूड करीब 2% उछलकर 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया।

