कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 11 वर्षीय बच्ची के साथ कथित रेप और हत्या के बाद पूरे राज्य में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। गुस्से भीड़ ने एक आरोपी की पीट पीट कर हत्या कर दी और अन्य दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर लोगों का प्रदर्शन लगातार जारी है।
इस बीच राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर उनकी पार्टी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तृणमूल कांग्रेस के मुताबिक ममता बनर्जी को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया है। टीएमसी ने कहा है कि ममता बनर्जी बरुईपुर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने वाली थीं लेकिन शुभेंदु सरकार ने उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी है।
इससे पहले दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची का शव एक बोरे से बरामद हुआ था। जानकारी के मुताबिक बच्ची एक दिन पहले लापता हो गई थी। लड़की बीते शनिवार को अपने दोस्त के जन्मदिन के लिए तोहफा खरीदने गई थी और उसके बाद से ही लापता थी।
परिजनों के मुताबिक चार लोग उसे जबरदस्ती अपने साथ उठा ले गए थे। इसके बाद बच्ची का शव कोलकाता से 15 किमी दूर बरुईपुर के सूर्यापुर हाट इलाके से बरामद किया गया। बच्ची से गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामला सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़कें ब्लॉक कर कर दीं और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। वहीं भीड़ ने एक आरोपी को पीट पीटकर मार डाला। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इधर बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस बीच टीएमसी ने देर रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि ममता बनर्जी को घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। पार्टी ने ममता बनर्जी के घर के बाहर का एक वीडियो भी शेयर किया। टीएमसी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “हमारी चेयरपर्सन ममता बनर्जी बरुईपुर जाना चाहती थीं।
जैसे ही प्रशासन को इसकी भनक लगी, उनके आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और बैरिकेड्स लगा दिए गए ताकि वे घर से न निकल सकें।” पार्टी ने आगे लिखा, “उन्हें रोकने की इन कोशिशों के बावजूद हमारी मांग नहीं रहेगी, #JusticeForBaruipur। दीदी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं और उन्हें न्याय दिलाकर रहेंगी।”
भाजपा ने खारिज किया दावा
हालांकि भाजपा ने तृणमूल के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी ने कहा कि विपक्ष ऐसी बात को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है, जिसमें कोई विवाद ही नहीं है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने पीटीआई-भाषा से कहा, “तृणमूल नाटक कर रही है और बिना वजह मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। जब पूर्व मुख्यमंत्री के पसंदीदा निजी सुरक्षा अधिकारियों को बदलकर नए कर्मियों की तैनाती की गई थी, तब भी तृणमूल ने विरोध किया था। उन्हें जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। अगर उनके घर के बाहर पुलिस गश्त कर रही है, तो इसमें क्या गलत है? क्या प्रशासन ने उन्हें या उनकी पार्टी से कहा है कि वह अपने घर से बाहर नहीं निकल सकतीं?”
शुभेंदु ने दिलाया भरोसा
इस बीच सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृत लड़की के पिता से फोन पर बात की और उन्हें भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सख्त सजा दी जाएगी। प्रेसिडेंसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कांकर प्रसाद बरुई ने बताया कि लड़की की मौत के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है। बरुई ने कहा कि अपराध से जुड़े सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा, ”मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुझे फोन किया और कहा कि सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सजा दी जाएगी।” बरुई ने कहा कि वे मंगलवार को मृत लड़की के माता-पिता से भी मिलेंगे।

