Stock Market: सेंसेक्स 160 अंक गिरकर 75237 पर और निफ्टी 23700 के नीचे बंद

0
8

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आखिरी सत्र में बिकवाली दिखी। सुबह से हरे निशान पर कारोबार कर रहे बेंचमार्क सूचकांक शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 160.73 अंक (0.21%) फिसलकर 75,237.99 के स्तर पर बंद हुआ।

दूसरी ओर निफ्टी 46.10 (0.19%) अंकों की गिरावट के साथ 23,643.50 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ। शुक्रवार के कारोबारी सत्र के बाद हिंडाल्को के शेयरों में 3 प्रतिशत जबकि रिलायंस के शेयरों में दो फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स में आज टाटा स्टील, एसबीआई, रिलायंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। दूसरी ओर टेक महिंद्रा, इंफोसिस, पावर ग्रिड, मारुति, भारती एयरटेल के शेयरों के दाम में 1-1 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

बाजार पर दबाव का मुख्य कारण रुपये का अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नए निचले स्तर पर पहुंचना रहा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। ब्रेंट क्रूड का मई वायदा 2.9 प्रतिशत बढ़कर 108.8 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया, जिससे ऊर्जा लागत को लेकर चिंता और बढ़ गई।

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी दबाव
बड़े शेयरों के साथ-साथ मिड और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी गिरावट देखने को मिली। Nifty MidCap में 0.45 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि Nifty SmallCap 0.61 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ। सेक्टरवार बात करें तो मेटल, रियल्टी और ऑयल एंड गैस सेक्टर में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई। दूसरी ओर, आईटी और मीडिया सेक्टर में हल्की तेजी दर्ज की गई, जिससे कुछ हद तक बाजार को सपोर्ट मिला।