मानसून इस बार 26 मई तक केरल पहुंचने की उम्मीद, मौसम विभाग का अनुमान

0
4

नई दिल्ली। भारत मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है। इसमें 4 दिन आगे या पीछे का अंतर हो सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

IMD ने कहा कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में इस हफ्ते तेज गर्मी और भीषण लू जारी रह सकती है। उत्तर भारत पहले से ही गर्मी की चपेट में है। दिल्ली में गुरुवार को मई का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में इस सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और दक्षिण कर्नाटक में अगले 3-4 दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है।

उत्तर और मध्य भारत में लू की चेतावनी
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अगले एक हफ्ते तक उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू का असर बना रह सकता है। पश्चिम राजस्थान में 15 से 21 मई तक तेज गर्मी रहेगी और 18 से 21 मई के बीच कुछ इलाकों में भीषण लू पड़ सकती है।

उत्तर प्रदेश में भी 16 से 21 मई तक लू चलने की संभावना है, जबकि 18 और 19 मई को कुछ क्षेत्रों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। इसके अलावा पंजाब, इसी तरह पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 से 21 मई के बीच; पूर्वी राजस्थान में 16 से 21 मई के बीच; मध्य प्रदेश और विदर्भ में 15 से 21 मई के बीच; तथा छत्तीसगढ़ में 18 से 21 मई के दौरान लू की स्थिति रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड के कुछ इलाकों में 16 से 18 मई के बीच, जबकि मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ में 15 मई को लू चल सकती है।