विरागसागर के पदारोहण पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, छह मुनिराजों का पिच्छिका परिवर्तन

0
5

कल्पद्रुम महामंडल विधान की पूर्णाहुति पर निकली श्रीजी की भव्य शोभायात्रा

कोटा। भक्ति, श्रद्धा और गुरु आराधना के उल्लास से रिद्धि-सिद्धि नगर का श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर परिसर रविवार को धर्ममय हो उठा। समाधिस्थ गणाचार्य विरागसागर महाराज के पदारोहण दिवस एवं पिच्छिका परिवर्तन समारोह में सकल दिगंबर जैन समाज की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। विवर्धनसागर महाराज एवं प्रवर्तक विश्वनायक सागर महाराज ससंघ (छह पिच्छिका) के सानिध्य में आयोजित भव्य कल्पद्रुम महामंडल विधान का विधिवत पूर्णाहुति के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से समापन हुआ।

समापन अवसर पर मंगलाष्टक, सहस्रनाम अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन-विधान के बाद विश्वशांति महायज्ञ और मंडल विसर्जन की धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। इसके पश्चात पांडाल से मंदिर परिसर तक श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रीजी को आकर्षक रथ में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं भक्ति और उत्साह के साथ शामिल हुए। संपूर्ण मार्ग भगवान महावीर के जयकारों और भक्तिमय उद्घोष से गूंज उठा।

गुरु के त्याग, तप और साधना का किया स्मरण
गणाचार्य विरागसागर महाराज के पदारोहण दिवस पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए गणधर विवर्धनसागर महाराज ने समाधिस्थ विरागसागर महाराज को नमन करते हुए उनके जीवन और कृतित्व का स्मरण किया। कार्यक्रम का मंगलाचार आचार्य विद्या सागर पाठशाला की बच्चियों द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि गणाचार्य विरागसागर महाराज का संपूर्ण जीवन त्याग, संयम, तपस्या, शास्त्राध्ययन और धर्म प्रभावना को समर्पित रहा। उन्हें राष्ट्रसंत, भारत गौरव, बुंदेलखंड के प्रथमाचार्य एवं युग प्रतिक्रमण प्रवर्तक जैसी उपाधियों से सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने जीवन में बड़ी संख्या में साधु-साध्वियों को दीक्षा देकर मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर किया। उनके सानिध्य में अनेक समाधिमरण हुए तथा 200 से अधिक पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सवों के माध्यम से जिनधर्म की प्रभावना हुई।

छह मुनिराजों की पिच्छिका का हुआ परिवर्तन
समारोह का प्रमुख आकर्षण मुनि संघ का पिच्छिका परिवर्तन रहा। इस अवसर पर गणधर विवर्धनसागर महाराज की नवीन पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य ब्रह्मचारी रोहित जैन, विज्ञान नगर को मिला। प्रवर्तक मुनिश्री 108 विश्वनायक सागर जी महाराज की पिच्छिका सुनीता गोधा को प्राप्त हुई।

इसी क्रम में विश्वाससागर महाराज की पिच्छिका ब्रह्मचारी पारस भैया, विश्वभद्रसागर महाराज की पिच्छिका ऋतिक जैन, विश्वहितसागर महाराज की पिच्छिका सारिका निरंकी तथा विश्वदक्षसागर महाराज की पिच्छिका गुणवती काला को प्राप्त हुई। पिच्छिका प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उल्लास दिखाई दिया।

चातुर्मास मुख्य कलश का निकला लकी ड्रॉ
समारोह में चातुर्मास के मुख्य कलश का लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसमें पदम कुमार एवं गौरव कुमार सोनी के नाम की घोषणा हुई। कार्यक्रम में भोपाल से आए गुरु भक्तों ने चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन किया।