Soybean Price: पश्चिम एशिया संकट टलने से सोयाबीन के भाव औंधे मुंह गिरे

0
3

नई दिल्ली। Soybean Prices : प​श्चिम ए​शिया संकट कम होने का असर सोयाबीन की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। बीते महीने में इसके भाव घटे हैं। सोयाबीन में अभी और गिरावट आ सकती है।

पहले इस संकट के कारण इसके भाव काफी ऊपर चले गए थे और अब इस संकट के खत्म होने की उम्मीद में सोयाबीन के दाम लुढ़क रहे हैं। जानकारों की मानें तो शॉट टर्म में गिरावट नजर आ रही है। लेकिन लॉंग टर्म में भाव सुधर भी सकते हैं। यह काफी हद तक मॉनसून की चाल पर निर्भर करेगा।

कमोडिटी एक्सपर्ट और एग्रोकॉर्प इंटरनेशनल में रिसर्च हेड इंद्रजीत पॉल ने बताया कि इस समय इंदौर मंडी में सोयाबीन के भाव 6,800 रुपये और महाराष्ट्र की लातूर मंडी में भाव 7,200 रुपये हैं। आने वाले दिनों में इनके भाव में 200 से 300 रुपये की गिरावट आ सकती है। इंदौर में भाव 6,500 रुपये तक गिर सकते हैं। केडिया एडवाइजरी के मुताबिक सोयाबीन फिलहाल करेक्शन के दौर में है और इसके भाव घटकर 6,700 रुपये प्रति ​क्विंटल तक आ सकते हैं।

हालांकि पॉल का कहना है कि यदि जुलाई–अगस्त के दौरान मॉनसून सामान्य से कमजोर रहता है और फसल को नुकसान की आशंका बढ़ती है तो सोयाबीन के दाम बढ़ भी सकते हैं। सोयाबीन की शुरुआती बोआई अभी धीमी गति से हो रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक चालू खरीफ सीजन में 19 जून तक 1.30 लाख हेक्टेयर में सोयाबीन की बोआई हो चुकी है, पिछली समान अव​धि में यह आंकड़ा 2.50 लाख हेक्टेयर था। इसका सामान्य रकबा 128.71 लाख हेक्टेयर है।

पॉल ने कहा कि सोयाबीन के दाम घटने की वजह प​श्चिम ए​शिया में शांति होने की संभावना है। पहले इस क्षेत्र में संकट के कारण ही भाव चढ़े थे। मॉनसून में प्रगति के कारण भी कीमतों में गिरावट को ​बल मिला है। केडिया एडवाइजरी के अनुसार हालिया गिरावट मध्य पूर्व में तनाव घटने से क्रूड ऑयल सस्ता होने से भी आई है।

कितने बढ़ गए थे सोयाबीन के भाव
प​श्चिम ए​शिया संकट के कारण सोयाबीन के भाव तेजी से चढ़ गए थे। पॉल ने बताया कि बीते एक महीने के दौरान इंदौर में सोयाबीन के भाव 7,400 रुपये तक बढ़ गए थे, जबकि इस दौरान लातूर मंडी में भाव 7,680 रुपये प्रति ​क्विंटल तक चढ़ गए थे। संकट के दौरान सोयाबीन ने इंदौर में 19 मई को 7,587 रुपये और लातूर में 20 मई को 7,850 रुपये पर उच्च स्तर छू लिया था।