कोटा। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) एवं कोटा विश्वविद्यालय ने बड़ी राहत प्रदान की है। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त, 2026 तक बढ़ा दी गई है।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने 11 अगस्त, 2026 तक आवेदन पत्र में संशोधन (Correction Window) की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इस संबंध में कोटा विश्वविद्यालय ने अधिसूचना-05/2026 जारी कर विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है।
कुलगुरू प्रो.भगवती प्रसाद सारस्वत ने बताया कि यूजीसी द्वारा जारी पात्रता संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) एवं अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए स्नातकोत्तर में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक, जबकि ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं तृतीय लिंग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य होंगे।
सेट—2026 के समन्वयक घनश्याम शर्मा ने बताया कि स्नातकोत्तर द्वितिय वर्ष के विद्यार्थी अथवा जिनका परिणाम लंबित है, वे भी SET-2026 के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को परिणाम घोषित होने के बाद निर्धारित अंकों के साथ स्नातकोत्तर परीक्षा उत्तीर्ण कर दो वर्ष के भीतर पात्रता की शर्तें पूरी करनी होंगी।
अभ्यर्थियों को अपने स्नातकोत्तर विषय में ही परीक्षा देनी होगी। यदि संबंधित विषय SET की सूची में शामिल नहीं है, तो अभ्यर्थी यूजीसी-नेट अथवा यूजीसी-सीएसआईआर नेट में सम्मिलित हो सकते हैं।
SET-2026 नोटिफिकेशन पर यहां क्लिक कीजिए
आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 11 अगस्त तक ऑनलाइन संशोधन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन एवं आवश्यक संशोधन पूरा करने की सलाह दी है।
SET प्रमाणपत्र केवल राजस्थान राज्य में मान्य होगा तथा इसकी वैधता आजीवन रहेगी। राज्य के विश्वविद्यालय, महाविद्यालय एवं भर्ती एजेंसियां अपने निर्धारित नियमों के अनुसार SET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया में इसका उपयोग कर सकेंगी।

