NMTC: शुरुआती सवाल हमेशा की तरह आसान, लेकिन अंत में काफी कठिन रहे

0
5

नेशनल मैथमेटिकल टैलेंट कॉन्टेस्ट का पहला चरण सम्पन्न

कोटा। एसोसिएशन ऑफ मैथेमेटिक्स टीचर्स ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित नेशनल मैथमेटिकल टैलेंट कॉन्टेस्ट (एनएमटीसी ) की परीक्षा रविवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक शहर के विभिन्न केंद्रों पर हुई। यह परीक्षा अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 5 से लेकर कॉलेज स्तर तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है।

मोशन एजुकेशन के फाउंडर और एजुकेटर नितिन विजय ने बताया कि कक्षा 5 और 6 के विद्यार्थियों के लिए गाउस, कक्षा 7 और 8 के लिए काप्रेकर, कक्षा 9 और 10 के लिए रामानुजन, कक्षा 11 और 12 के लिए भास्कर तथा बीएससी और बीटेक विद्यार्थियों के लिए आर्यभट्ट कॉन्टेस्ट होता है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय क्षमता, तार्किक सोच और मौलिक समस्या-समाधान कौशल को बढ़ावा देना है।

एनएमटीसी का सिलेबस नियमित शिक्षा से थोड़ा अलग और वैचारिक होता है। इसके मुख्य विषयों में नंबर थ्योरी, एल्जेब्रा, ज्योमेट्री और कॉम्बिनेटरिक्स शामिल हैं। रविवार को हुई परीक्षा में गॉस कॉन्टेस्ट में कुल 20 और बाकी कॉन्टेस्ट में 30 मल्टीपल च्वाइस और फिल इन द ब्लैंक्स सवाल पूछे गए। इनमें शुरुआती सवाल हमेशा की तरह आसान रहे, लेकिन अंत में सवाल काफी कठिन थे।

कॉन्टेस्ट की शुरुआती आंसर की सोमवार को जारी होगी। स्टूडेंट्स मंगलवार शाम 4 बजे तक आपत्ति दर्ज करवा सकेंगे। बुधवार को अंतिम आंसर की जारी होने के बाद 7 सितंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा। पहले चरण के 10 प्रतिशत विद्यार्थी अगले चरण के लिए चयनित होंगे। दूसरे चरण की परीक्षा 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी।

नितिन विजय ने बताया कि दूसरे चरण में केवल 8 से 10 सब्जेक्टिव सवाल होंगे। इनमें केवल उत्तर निकालना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि पूरा स्टेप-बाय-स्टेप डेरिवेशन लिखना होगा। यानी स्पष्ट रूप से थ्योरम और फार्मूले का उल्लेख करते हुए उत्तर लिखना होगा। इसलिए विद्यार्थियों के लिए स्टेप्स लिखने का अभ्यास जरूरी है।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में सफलता के लिए पिछले वर्षों के पेपर में आए अधिक से अधिक सवाल हल करने चाहिए। इससे टाइम मैनेजमेंट बेहतर होगा और परीक्षा के स्तर का भी अंदाजा लगेगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए कठिन विषयों की पहचान करना भी जरूरी है।

पेपर हल करते समय देखें कि किस टॉपिक के सवाल ज्यादा गलत हो रहे हैं, जैसे नंबर थ्योरी या ज्योमेट्री। इसके बाद इन टॉपिक्स को दोबारा पढ़कर उनकी अवधारणाओं को मजबूत करें।