नई दिल्ली। NEET UG Counselling 2026: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से नीट यूजी काउंसलिंग का पहला चरण आज, 5 अगस्त 2026 से शुरू हो रहा है। एमबीबीएस (MBBS), बीडीएस (BDS), 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा (AIQ), केंद्रीय विश्वविद्यालयों, डीम्ड विश्वविद्यालयों, एम्स (AIIMS), जिपमर (JIPMER) और अन्य भाग लेने वाले संस्थानों में दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी आज से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
हालांकि, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आसान है, लेकिन रजिस्ट्रेशन शुरू होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखना बेहद जरूरी है। इससे आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी या देरी से बचा जा सकता है। इसके अलावा, सीट आवंटन के बाद कॉलेज में रिपोर्टिंग के समय सभी मूल दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।
विज्ञापन
रजिस्ट्रेशन से पहले कौन-कौन से दस्तावेज तैयार रखें
| दस्तावेज | उपयोग |
|---|---|
| नीट यूजी 2026 एडमिट कार्ड | परीक्षा और आवेदन संबंधी जानकारी के सत्यापन के लिए |
| नीट यूजी 2026 स्कोरकार्ड/रैंक लेटर | काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन और मेरिट सत्यापन के लिए |
| कक्षा 10 की मार्कशीट और प्रमाणपत्र | जन्मतिथि के प्रमाण के लिए |
| कक्षा 12 की मार्कशीट | शैक्षणिक योग्यता के सत्यापन के लिए |
| कक्षा 12 उत्तीर्ण प्रमाणपत्र | MBBS/BDS में प्रवेश की पात्रता के लिए |
| वैध फोटो पहचान पत्र (आधार, पासपोर्ट, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी आदि) | पहचान सत्यापन के लिए |
| पासपोर्ट आकार के फोटो | आवश्यकता पड़ने पर |
| सक्रिय मोबाइल नंबर | ओटीपी और काउंसलिंग अपडेट के लिए |
| सक्रिय ईमेल आईडी | रजिस्ट्रेशन और आधिकारिक सूचना प्राप्त करने के लिए |
| डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई या नेट बैंकिंग | रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने के लिए |
रजिस्ट्रेशन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- एमसीसी ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह भी दी है।
- सभी मूल दस्तावेज पहले से व्यवस्थित करके रखें।
- नाम, जन्मतिथि और श्रेणी जैसी सभी जानकारियां प्रमाणपत्रों के अनुसार ही भरें।
- आवेदन से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि सभी दस्तावेजों में दर्ज व्यक्तिगत जानकारी एक-दूसरे से मेल खाती हो।
- आवेदन जमा करने से पहले एमसीसी का सूचना बुलेटिन ध्यान से पढ़ लें।
कॉलेज रिपोर्टिंग के समय कौन से डॉक्यूमेंट्स लगेंगे?
सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को आवंटित मेडिकल, डेंटल या नर्सिंग कॉलेज में रिपोर्टिंग के समय मूल दस्तावेजों के साथ उनकी सत्यापित फोटोकॉपी भी ले जानी होगी।
- एमसीसी द्वारा जारी सीट आवंटन पत्र
- एनटीए द्वारा जारी नीट यूजी 2026 एडमिट कार्ड
- एनटीए द्वारा जारी नीट यूजी 2026 रिजल्ट/रैंक लेटर
- जन्म तिथि प्रमाणपत्र (यदि 10वीं के प्रमाणपत्र में जन्म तिथि दर्ज नहीं है)
- 10वीं का प्रमाणपत्र
- 12वीं (10+2) का प्रमाणपत्र
- 12वीं की मार्कशीट
- आवेदन पत्र में लगाए गए फोटो के समान 8 पासपोर्ट साइज फोटो
- वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस/पासपोर्ट)
- OCI/PIO/विदेशी नागरिक होने पर संबंधित दस्तावेज
आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को ये प्रमाणपत्र भी साथ रखने होंगे
- एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाणपत्र (हिंदी या अंग्रेजी में)। यदि प्रमाणपत्र क्षेत्रीय भाषा में है, तो उसका सत्यापित हिंदी/अंग्रेजी अनुवाद भी साथ रखना होगा।
- ओबीसी-एनसीएल अभ्यर्थियों के लिए केंद्र सरकार की सूची के अनुसार निर्धारित प्रारूप में जारी प्रमाणपत्र। अभ्यर्थी क्रीमी लेयर में नहीं होना चाहिए।
- ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित प्रारूप में आय एवं संपत्ति प्रमाणपत्र
- दिव्यांग (PwD) अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल असेसमेंट बोर्ड ऑफ एमसीसी द्वारा जारी पात्रता प्रमाणपत्र

