Lok Sabha Election: भाजपा का कार्यकर्ता क्षेत्र की जनता के परिवार का सदस्यः बिरला

20

बूंदी। Lok Sabha Election 2024: कोटा बूंदी लोक सभा क्षैत्र से भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला ने सोमवार को बूंदी व केशवरायपाटन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसम्पर्क किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता क्षेत्र की जनता के परिवार का सदस्य होता है। वह 365 दिन हर समय जनता की समस्याओं के समाधान का प्रयास करता है। यही भाजपा कार्यकर्ताओं को दूसरों से अलग बनाता है।

भाजपा प्रत्याशी बिरला ने कुवांरती मण्डी, गणपतपुरा, राता बरड़ा, जावटीकलां, गणेशपुरा, नयागांव, हरिपुरा, भैरूपुरा ओझा, सामरबा, अखेड़, रजवास, खटियाड़ी, बलदेवपुरा, खटकड़, कुआगांव, पोलाई, बड़ी गेण्डोली और गेण्डोली में जनसम्पर्क करते हुए कहा कि भाजपा एक दल नहीं एक परिवार है, जिसके सदस्य सभी भारतवासी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की ताकत बताते हुए कहा कि वही एक बार फिर भाजपा को जिताकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे।

पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने कहा कि आज देश के कोने- कोने में ऐसे समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो पद और नाम की लालसा किए बिना पार्टी और देश के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं की तपस्या और प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में से 140 करोड़ भारतवासियों को प्यार हासिल कर भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि हर चुनौतिपूर्ण परिस्थिति में भाजपा कार्यकर्ता लोगों के साथ खड़ा होता है। कोविड के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर राशन, मेडिकल सुविधा और दवा पहुंचाने गए। यही सेवा भाव भाजपा के कार्यकर्ता को दूसरों से अलग करता है।

आज रामगंजमंडी क्षेत्र में करेंगे जनसम्पर्क
भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला मंगलवार को रामगंजमंडी विधान सभा क्षेत्र में जनसम्पर्क करेंगे। वे कूकड़ाखुर्द, जालिमपुरा, सहरावदा, ढाबादेह, बंजारों का टाण्डा, खीमच, हिरियाखेड़ी, चारियाखेड़ी, दुहनिया, मोड़क स्टेशन, मोड़क गांव, बड़ोदियाकलां, भोलू, गणेशपुरा, धायपुरा, हमाऊ, ईश्वरपुरा, पीपल्दा और कमलपुरा में आमजन से सम्पर्क करेंगे।