इंदौर। Common Admission Test: आईआईएम इंदौर की ओर से कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2026 का आयोजन 29 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने से पहले उम्मीदवार एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ लें। परीक्षा केंद्र पर कपड़ों से लेकर जरूरी डॉक्यूमेंट्स और एंट्री टाइम तक कई बातों का ध्यान रखना होगा। नियमों का पालन नहीं करने पर उम्मीदवारों को परेशानी हो सकती है।
परीक्षा गाइड लाइन
कैट 2026 के एडमिट कार्ड में पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड निर्धारित नहीं किया गया है। इसमें टी-शर्ट या किसी खास तरह के कपड़े पहनने को लेकर भी साफ जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन, उम्मीदवारों को ऐसे कपड़े पहनकर जाने से बचना होगा, जिनमें धातु से बनी चीजें या बड़े बटन लगे हों।
एडमिट कार्ड के निर्देशों के मुताबिक, परीक्षा केंद्र पर ज्वेलरी और मेटल से बनी कोई भी वस्तुएं पहनकर जाने की अनुमति नहीं होगी। मोटे सोल वाले जूते-चप्पल और बड़े बटन वाले कपड़े भी बैन हैं। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे परीक्षा के दिन सिंपल और आरामदायक कपड़े पहनें।
परीक्षा के दिन इन बातों का रखें ध्यान
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को कुछ जरूरी नियमों का पालन करना होगा। इनकी जानकारी नीचे दी गई है:
- समय पर पहुंचें: उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग और एंट्री टाइम के अनुसार परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। गेट बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
- पहले देख लें परीक्षा केंद्र: उम्मीदवार परीक्षा से कम से कम एक दिन पहले अपने आवंटित केंद्र का पता और वहां पहुंचने का रास्ता देख लें, ताकि परीक्षा वाले दिन कोई परेशानी न हो।
- रफ वर्क के लिए मिलेगी सामग्री: परीक्षा केंद्र पर रफ वर्क के लिए राइटिंग पैड और पेन दिया जाएगा। इस पैड पर उम्मीदवार को अपना नाम और एप्लीकेशन नंबर लिखना होगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद इसे वापस करना अनिवार्य है।
- परीक्षा बीच में छोड़ने की अनुमति नहीं: टेस्ट पूरा होने से पहले किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
- अभिभावकों को नहीं मिलेगी एंट्री: उम्मीदवारों के साथ आने वाले माता-पिता और अभिभावक परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं जा सकेंगे।
- सेंटर बदलने का विकल्प नहीं: परीक्षा केंद्र में बदलाव के लिए किए गए किसी भी अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड में दिए गए केंद्र पर ही परीक्षा देनी होगी।
यात्रा और ठहरने का इंतजाम खुद करना होगा
उम्मीदवारों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और जरूरत पड़ने पर ठहरने की व्यवस्था खुद करनी होगी। परीक्षा प्राधिकरण की ओर से परीक्षा केंद्र के बाहर निजी सामान रखने की कोई सुविधा नहीं दी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थी अपने साथ अनावश्यक सामान लेकर न जाएं। अपने सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उम्मीदवारों की ही होगी। सामान खोने या खराब होने पर परीक्षा प्राधिकरण जिम्मेदार नहीं होगा।
नियम तोड़ने पर रद्द हो सकती है उम्मीदवारी
कैट परीक्षा के नियमों का उल्लंघन करना उम्मीदवारों को भारी पड़ सकता है। परीक्षा के दौरान किसी दूसरे व्यक्ति की जगह परीक्षा देना या निर्धारित आचार संहिता का पालन नहीं करना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। इसके अलावा कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा के दौरान उनका पालन करें। इससे परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।

