कोटा। देश में पेट्रोल और डीजल के दाम (Petrol Diesel Price) में बढ़ोतरी का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 35 पैसे और डीजल में 28 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद राजस्थान में वैट की दरें अधिक होने से पेट्रोल नए रिकॉर्ड स्तर 110 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया। डीजल भी करीब 103 रुपये प्रति लीटर का नया रिकॉर्ड स्तर छूने को है। पिछले 33 दिनों में राजस्थान में पेट्रोल 8.93 रुपये और डीजल 8.86 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
श्रीगंगानगर में पेट्रोल 37 पैसे महंगा होकर 110.05 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर जा पहुंचा। डीजल भी 30 पैसे बढ़कर 102.43 रुपये प्रति लीटर हो गया। कोटा में पेट्रोल 37 पैसे की तेजी के साथ 105.11 रुपये और डीजल 30 पैसे बढ़कर 97.88 रुपये प्रति लीटर हो गया। दिल्ली के बाजार (Delhi Market) में मंगलवार को इंडियन ऑयल (IOC) के पंप पर पेट्रोल का दाम बढ़ कर 98.81 रुपये प्रति लीटर पर ही पहुंच गया है। यहां डीजल भी बढ़ कर 89.18 रुपये प्रति लीटर पर चला गया।
राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर वैट की दरें ज्यादा
राजस्थान में पेट्रोल पर 36 और डीजल पर 26 प्रतिशत वैट है। जो देश में सबसे अधिक है। भाजपा के शासन में पेट्रोल पर 26 और डीजल पर 18 प्रतिशत वैट था। गहलोत सरकार आने के बाद 10 से 12 फीसदी वैट बढ़ाया गया। इससे पेट्रोल पर 38 प्रतिशत और डीजल पर 28 प्रतिशत वैट हो गया। इसके बाद जनता का दबाव बढ़ा तो जनवरी 2021 में मात्र दो प्रतिशत वैट कम किया।
बेलगाम पेट्रोल-डीजल के दाम
केंद्र और राज्य सरकारों की मुनाफाखोर नीति का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा रहा है। न केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी कम कर रही है और न राजस्थान की गहलोत सरकार वैट कम कर रही है। इस कारण पेट्रोल-डीजल के दाम बेलगाम हो गए हैं।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम
शहर का नाम | पेट्रोल रुपये/लीटर | डीजल रुपये/लीटर |
दिल्ली | 98.81 | 89.18 |
मुंबई | 104.90 | 96.72 |
चेन्नई | 99.80 | 93.72 |
कोलकाता | 98.64 | 92.03 |
भोपाल | 107.07 | 97.93 |
श्रीगंगानगर | 110.05 | 102.43 |
कोटा | 105.11 | 97.88 |