Laser light & sound show: कंस गर्जना सुन खड़े हुए रौंगटे, जीवंत हुई कृष्ण लीला

0
13

कोटा। Laser light and sound show: मेले के कोलाहल के बीच जैसे ही कंस की गर्जना सुनाई पड़ी तो हर किसी के रौंगटे खड़े हो गए। घुप्प अंधेरे को चीरते हुए विजयश्री रंगमंच पर लेजर लाइट्स से बने सुदर्शन चक्र के चमकते ही चारों ओर खुशियां फैल गई। राष्ट्रीय दशहरा मेले में लेजर शो के अंतिम दिन यह अदभुत नजारा देख हर कोई रोमांच से भर उठा।

दशहरा मेले में बुधवार रात को अचानक विजयश्री रंगमंच पर अंधेरा छा गया। इससे पहले कोई कुछ समझता चारों ओर जोर-जोर की अट्टाहस गूंजने लगी। कौतुहल से भरे दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, पूरा विजयश्री रंगमंच रंगबिरंगी रोशनियों से भर उठा। लोगों की नजर जैसे ही रंगमंच की ओर उठी उन्हें लेजर लाइट्स के जरिए बनाया गया मोहक सुदर्शन चक्र दिखाई पड़ा। इसके बाद शुरू हुए लाइट एंड साउंड शो ने भगवान श्री कृष्ण के जन्म की लीला को जीवंत कर दिया।

गॉज कॉर्टन के पर्दे पर देवकी की शादी से लेकर आकाशवाणी होने और उन्हें कारागार में डालने से लेकर कृष्ण-बलदाऊ के जन्म की कहानी को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया।
लाइट एंड साउंड शो में कृष्ण जन्म चरित्र के अलावा रामायण में भगवान राम के जन्म से लेकर लंका कांड के जरिए रावण वध भी प्रदर्शित किया गया।

जिसमें रावण का वध और सीता जी के वापस आने की कहानी का चित्रण किया गया। इसके साथ ही देश भक्ति के रंग में डूबे संगीत पर थिरकती लेजर लाइट्स के अद्भुत मिश्रण को देखने का अवसर मिला। धुएं के गुबार के बीच लेजर की रोशनी ने जबरदस्त इफेक्ट पैदा किया तो हर कोई हतप्रभ रह गया।

कैमरे में कैद किए भव्य नजारे
राजा दशरथ के राजसूय यज्ञ, राम जन्म, सीता स्वयंवर, वनवास, लंका युद्ध, राम के राज्याभिषेक जैसे महत्वपूर्ण दृश्य को लेजर की रोशनी के माध्यम से बहुत कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। इस दौरान लोगों ने मोबाइल के कैमरे से इस भव्य नजारे को कैद किया।