नरसिंह जयन्ती कल, हिरण्यकश्यप के पुतले का वध होगा

0
82

कोटा। शहर भर में विष्णु भगवान के चतुर्थ अवतार नृसिंह जयंती गुरुवार को मनाई जाएगी। इस दौरान धार्मिक संस्थाओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। अग्रवाल वैष्णव मोमीयां पंचायत द्वारा भगवान श्री नरसिंह की जयन्ती का भव्य समारोह गुरुवार को गाँधी चौक में आयोजित होगा।

संस्था के प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि भगवान नरसिंह के स्वरूप द्वारा गुरुवार को हिरण्य कश्यप के 25 फ़ीट के पुतले का वध किया जाएगा। समारोह के दौरान सांयकाल सूर्यास्त होते ही ठीक 6.45 बजे नृसिंह भगवान का प्राकट्य होगा। उसके बाद हिरण्यकश्यपु का वध किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्वायत्त शासन मंत्री शान्ति कुमार धारीवाल, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता यथा समाजसेवी अमित धारीवाल होंगे। नरसिंह धर्मशाला के सचिव महेंद्र कुमार मित्तल ने बताया कि समारोह में राम दरबार, शिवजी, हनुमान व भक्त प्रह्लाद की झांकी भी सजेगी। यहां भगवान नृसिंह की महाआरती के बाद में ठंडाई व प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष कैलाश गुप्ता के अनुसार पहले यह समारोह रामपुरा चौक में होता था। सन 1905 में दरबार द्वारा नरसिंह धर्मशाला के सामने ( गांधी चौक ) में जगह उपलब्ध कराई गई। तब से यहीं पर सार्वजनिक कार्यक्रम सम्पन्न होता है। जिसमें भगवान नरसिंह द्वारा हिरण्यकश्यपु के पुतले का वध किया जाता है। आम लोग पुतले के कागज व लकडियाँ अपने घरों में ले जाकर घर के बाहर लगाते हैं। मान्यता है कि यह वर्ष भर अमंगल से बचाता है।

मुखौटे के दर्शन, छप्पन भोग व फूल बंगला सजेगा
किशोरपुरा दरवाजे पर स्थित प्राचीन नरसिंह मन्दिर के पुजारी मयंक शर्मा ने बताया कि कोटा में यह एक मात्र नरसिंह मन्दिर है। यह मन्दिर 200 वर्ष पुराना है। यहां रियासत काल में कोटा महाराज पूजा करने आते थे। उन्होंने बताया कि नरसिंह जयन्ती के अवसर पर बुधवार को रामायण व महिलाओं द्वारा कीर्तन होगा। वहीं गुरुवार को सुबह 7 बजे भगवान का पपंचामृत से महाअभिषेक, 8 बजे से श्रृंगार, फूल बंगला के दर्शन होंगे। इस दौरान भगवान के नृसिंह स्वरुप के मुखोटे के दर्शन होंगे। पुजारी के अनुसार, मुखौटे के दर्शन वर्ष में एक बार ही होते हैं। इस अवसर पर दोपहर 12 बजे आरती तथा सांय 7 बजे 101 बत्ती से महाआरती और प्रसाद वितरण होगा। इसमें मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता राखी गौतम, समाज सेवी संजय गोयल, अनूप ठाकुर होंगे।