कोटा में बनेगा राजस्थान का पहला अत्याधुनिक डिजिटल प्लेनेटोरियम

0
185

स्पीकर ओम बिरला के प्रयासों से साइंस सेंटर की भी मिली स्वीकृति

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से कोटा को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नवनिर्मित ऑक्सीजोन (सिटी पार्क) में विद्यार्थी और आमजन, विज्ञान को समझने के साथ अंतरिक्ष के रहस्य भी जान पाएंगे।

इसके लिए 35 करोड़ रूपए से अधिक की लागत से साइंस सेंटर और प्रदेश के पहले डिजिटल प्लेनेटोरियम (digital planetarium) (तारामंडल) को निर्माण होगा। नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम ने इनके निर्माण के लिए स्वीकृति जारी कर दी है।

कोटा में साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम बनाने का निर्णय में यहां की शैक्षणिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोटा में हर वर्ष करीब दो लाख विद्यार्थी इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए आते हैं। इसके अलावा कोटा क्षेत्र में बडी संख्या में स्कूल, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेज, आईटीआई भी हैं।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय सहित 4 अन्य विश्वविद्यालयों से भी प्रदेश के बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुड़े हैं। इन सबके लिए विज्ञान को नए और मजेदार तरीके से समझने तथा सूर्य, मंगल, पृथ्वी, धूमकेतु सहित अंतरिक्ष के अन्य रहस्यों का जानने में यह साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम मददगार सिद्ध होगा। साथ ही बच्चों और विद्यार्थियों में साइंस और टेक्नोलाॅजी की समझ उत्पन्न होने से वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी विकसित होगा जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लाभप्रद रहेगा।

खेल-खेल में सीख सकेंगे विज्ञान
कोटा में बनने वाला साइंस सेंटर परम्परागत नहीं होकर आधुनिक डिजाइन का होगा। यहां खेल-खेल में मनोरंजक तरीके से विज्ञान के बारे में बताया जाएगा। यहां हमारे दिन-प्रतिदिन के कार्यों में विज्ञान की भूमिका के बारे में आकर्षक मॉडल्स और एक्सपेरिमेंट्स के जरिए बताया जाएगा। इससे सिर्फ विद्यार्थियों में ही नहीं बल्कि आमजन तथा यहां आने वाले हर वर्ग के लोगों में विज्ञान के प्रति जागृति उत्पन्न होगी।

आंखों के सामने होगा पूरा ब्रह्माण्ड
डिजिटल प्लैनेटेरियम में दर्शक खगोल विज्ञान से संबंधित वैज्ञानिक सिद्धांतों को बहुत ही वास्तविक तरीके से जान पाएंगे। यहां सभी उम्र के लोग बेहद मनोरंजक और आनंददायी माध्यम से अंतरिक्ष की अवधारणाओं को जानने-समझने का मौका मिलेगा। यहां दिखाए जाने वाले विषयों में पृथ्वी का विकास, ब्रह्मांड के रहस्य, मंगल और अन्य ग्रहों की खोज तथा वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी शामिल होगी।

आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
साइंस सेंटर कोटा संभाग के सभी राजकीय विद्यालयों के साथ समन्वय बनाकर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके लिए तीन से पांच दिवसीय विशेष कार्यक्रम होंगे जिनमें क्विज, डिबेट, साइंस मेला सहित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

4.57 एकड क्षेत्र में होगा निर्माण
साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम का निर्माण सिटी पार्क में 4.57 एकड क्षेत्र में किया जाएगा। साइंस सेंटर के लिए बहुमंजिला इमारत का निर्माण होगा जिस पर 22.25 करोड़ रूपए व्यय किए जाएंगे। साइंस सेंटर के पास ही डिजिटल प्लेनेटोरियम बनेगा जिसे बनाने में 13 करोड़ रूपए की लागत आएगी। प्लेनेटोरियम में एक साथ 80 दर्शक बैठ सकेंगे।