राजस्थान बोर्ड की 12वीं साइंस-कॉमर्स के नतीजे आज दोपहर को जारी होंगे

0
326

अजमेर। RBSE Class 12th Science Commerce Result: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर (RBSE, Ajmer) की ओर से कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए साइंस-कॉमर्स स्ट्रीम के नतीजे आज घोषित किये जाएंगे। राजस्थान के शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने रिजल्ट जारी करने को लेकर पुष्टि की है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रिजल्ट दोपहर दो बजे घोषित किए जाएंगे। जो छात्र बीएसईआर 12वीं साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम की परीक्षाओं में शामिल हुए हैं, वे आधिकारिक वेबसाइटों पर अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे।

डॉ कल्ला ने ट्वीट किया कि राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 2022 साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के लिए एक जून को दोपहर दो बजे जारी किया जाएगा। आरबीएसई 12वीं के परिणाम 2022 जारी होने के बाद दो लाख से अधिक छात्रों का इंतजार खत्म हो जाएगा। बोर्ड कक्षा 12वीं के परिणाम rajresults.nic.in और rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जारी करेगा।

बता दें कि परिणाम की घोषणा राजस्थान के शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला द्वारा एक संक्षिप्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद की जाएगी। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। परिणाम घोषित होने के बाद उसी समय आधिकारिक वेबसाइट rajresults.nic.in और rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जारी किए जाने की संभावना है। आरबीएसई 12वीं विज्ञान संकाय की परीक्षाओं के लिए 2, 31, 989 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। जबकि कॉमर्स स्ट्रीम के लिए लगभग एक लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।

कला संकाय के परिणाम 10 से 15 जून तक
वहीं, आरबीएसई द्वारा कक्षा 12वीं कला संकाय के परिणाम 10 से 15 जून, 2022 के बीच में जारी किए जाने की उम्मीद है। इससे पहले, कहा जा रहा था कि आरबीएसई कक्षा आठवीं बोर्ड परीक्षा 2022 के परिणाम एक जून को जारी किए जाएंगे। इसके बाद, राजस्थान बोर्ड द्वारा कक्षा पांचवीं बोर्ड, आठवीं बोर्ड और 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। इस साल आरबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में लगभग 30 लाख छात्र उपस्थित हुए थे।