- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष प्रयासों से मिली बड़ी सफलता
- 438 बीघा अतिरिक्त जमीन पर होगा विस्तार, हाईवे से होगा सीधा जुड़ाव
- मंडी परिसर में बनेगा रेलवे ट्रैक, किसानों और व्यापारियों को मिलेगी राहत
कोटा। हाड़ौती के किसानों और व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही भामाशाह मंडी के विस्तार की मांग अब पूरी होने जा रही है। मंडी विस्तार के लिए 96 हेक्टेयर वन भूमि के डायवर्जन प्रस्ताव को दिल्ली में हुई राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की बैठक में मंजूरी मिल गई है। इससे वर्षों से लंबित इस परियोजना का रास्ता साफ हो गया है। शीघ्र ही इस संबंध में आदेश जारी होंगे।
वर्तमान में भामाशाह मंडी करीब 280 बीघा जमीन पर संचालित है। विस्तार के लिए 438 बीघा अतिरिक्त जमीन उपलब्ध होगी, जिसके बाद मंडी का कुल क्षेत्रफल करीब 718 बीघा हो जाएगा। विस्तार के साथ भामाशाह मंडी एशिया की सबसे बड़ी कृषि उपज मंडी बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी। इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त कृषि व्यापार केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
वन भूमि और पर्यावरण संबंधी शर्तों के कारण मंडी विस्तार की योजना लंबे समय से अटकी हुई थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस मामले को लेकर निरंतर प्रयास कर रहे थे। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ बैठकों में मंडी विस्तार की आवश्यकता और किसानों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित प्रक्रियाओं को गति मिलने और संबंधित समितियों के स्तर पर अड़चनें दूर होने से अब वन भूमि के डायवर्जन को मंजूरी मिली है।
हाईवे से सीधा जुड़ाव, किसानों के समय की होगी बचत
विस्तार के लिए उपलब्ध होने वाली जमीन हाईवे के नजदीक है। मंडी को फोरलेन सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से जोड़ने की योजना है। विस्तारित परिसर और हाईवे के बीच एप्रोच रोड विकसित की जाएगी। इससे किसान सीधे हाईवे से अपनी कृषि उपज लेकर मंडी पहुंच सकेंगे। उन्हें वैकल्पिक रास्तों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। बेहतर सड़क संपर्क से वाहनों का आवागमन सुगम होगा और कृषि उपज के परिवहन में लगने वाले समय की बचत होगी।
अतिरिक्त यार्ड और शेड, नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार
खरीफ और रबी सीजन में कृषि उपज की आवक बढ़ने पर मंडी में जगह कम पड़ जाती है। किसानों को उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। मंडी के विस्तार से अतिरिक्त यार्ड और शेड विकसित किए जा सकेंगे। भंडारण, नीलामी, तुलाई, लोडिंग और अनलोडिंग की व्यवस्थाओं का भी विस्तार होगा। इससे उपज को सुरक्षित रखने और समय पर नीलामी एवं उठाव में सुविधा मिलेगी। किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
मंडी परिसर में बनेगा रेलवे ट्रैक, घटेगा परिवहन खर्च
विस्तारित भूमि के रेलवे लाइन के नजदीक होने का भी लाभ मिलेगा। मंडी परिसर में रेलवे ट्रैक विकसित करने की योजना है। इससे व्यापारी कृषि उपज सीधे मंडी से ही रेलवे रेक के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में भेज सकेंगे। माल को रेलवे स्टेशन तक ले जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। इससे लोडिंग और परिवहन की प्रक्रिया आसान होने के साथ भाड़े पर होने वाला खर्च भी कम होगा, जिसका लाभ किसानों और व्यापारियों दोनों को मिलेगा।
पूरे हाड़ौती को मिलेगा लाभ, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
भामाशाह मंडी के विस्तार का लाभ कोटा, बून्दी, बारां और झालावाड़ सहित मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के किसानों को भी मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि व्यापार को गति मिलेगी। मंडी की कारोबार क्षमता बढ़ने से हम्मालों, परिवहनकर्ताओं, व्यापारियों और कृषि कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मंडी का विस्तार हाड़ौती की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भामाशाह मंडी में बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी
भामाशाह मंडी का विस्तार हाड़ौती के किसानों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत है। 438 बीघा अतिरिक्त जमीन मिलने से मंडी में पर्याप्त जगह और बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी। हाईवे से सीधा जुड़ाव होने पर किसान आसानी से अपनी उपज मंडी तक ला सकेंगे। मंडी परिसर में रेलवे ट्रैक बनने से व्यापारियों को माल रेलवे स्टेशन तक ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और परिवहन खर्च भी घटेगा। इसका लाभ कोटा, बून्दी, बारां और झालावाड़ सहित सभी सीमावर्ती जिलों के किसानों को मिलेगा। हमारा प्रयास है कि किसानों को उपज बेचने के लिए इंतजार न करना पड़े और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें। –ओम बिरला, लोक सभा अध्यक्ष

