खेल जीवन का आधार, जीवन उन्नति का स्तंभ थीम पर हुआ सम्मान व खेल संवाद कार्यक्रम

0
8
शिक्षा सहकारी सभा 696 का रहा विशेष योगदान, तीन विद्यालयों के संस्था प्रधान भी हुए सम्मानित

कोटा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कोटा शहर का गौरव बढ़ाने वाले विद्यार्थी खिलाड़ियों के साथ खेल संवाद किया। कार्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कोटा शहर एवं शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा लि.-696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कोटा जिले के लगभग 163 विद्यार्थी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की थीम “खेल जीवन का आधार, जीवन उन्नति का स्तंभ” रखी गई। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सभी विद्यार्थी खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी खेल उपलब्धियों, अनुभवों एवं भविष्य की खेल योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं जीवन में सफलता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम संयोजक एवं पर्यावरण मित्र शारीरिक शिक्षक शिव प्रकाश शर्मा ने बताया कि राजस्थान में अपनी तरह के इस प्रथम खेल संवाद कार्यक्रम में सम्मानित होने पर सभी विद्यार्थी खिलाड़ी गौरवान्वित एवं उत्साहित महसूस कर रहे थे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर लौटे खिलाड़ियों को शिक्षा मंत्री के साथ सीधे संवाद करने और अपने खेल अनुभव साझा करने का अवसर मिला। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार रहा।

इस अवसर पर कोटा शहर के उन प्रथम तीन विद्यालयों के संस्था प्रधानों को भी सम्मानित किया गया, जिनके सर्वाधिक विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय एवं शहर का नाम रोशन किया।

इसमें महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय मल्टीपरपज गुमानपुरा ने सर्वाधिक विद्यार्थी संख्या के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय आरएसी कॉलोनी द्वितीय तथा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बड़ी महारानी तृतीय स्थान पर रहा।

कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी 696 कोटा-बारां की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि शिक्षा सहकारी सभा सदैव शिक्षा, विद्यार्थी कल्याण, खेल एवं सहशैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उनका मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से संस्था ने इस आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा। सम्मान एवं संवाद के इस आयोजन ने कोटा शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल प्रस्तुत की।

इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विशेष अधिकारी सतीश गुप्ता, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनिल पोरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक रामचरण मीना, जिला शिक्षा अधिकारी बारां, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कोटा रूपेश, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कोटा शहर नवीन कुमारी, शिक्षा सहकारी 696 कोटा-बारां के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल, उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद सूरज करण, उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद संयुक्त निदेशक कार्यालय शिवराज चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।