भारत-तिब्बत सहयोग मंच की ओर से चित्तौड़ प्रांत से 118 यात्री होंगे शामिल
कोटा / गोहाटी। भारत-तिब्बत सहयोग मंच की ओर से आयोजित तवांग यात्रा में चित्तौड़ प्रांत से प्रांत अध्यक्ष अरविन्द कौशल एवं जिला अध्यक्ष कुंजबिहारी गौतम के नेतृत्व में कुल 118 यात्री भाग ले रहे हैं। इनमें कोटा महानगर के 99 यात्री शामिल हैं, जो पहली बार इतनी बड़ी संख्या में इस यात्रा में सहभागिता कर रहे हैं।
यात्री हवाई एवं रेल मार्ग से असम के गुवाहाटी पहुंच रहे हैं, जहां से 19 नवंबर को यात्रा का आगामी कार्यक्रम प्रारंभ होगा। प्रांतीय मंत्री ओम मधुर, प्रांतीय कोषाध्यक्ष छूटटन लाल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ड़ा आर सी गौतम सहित मंच के कार्यकर्ता व देशभक्त नागरिक सम्मिलित होंगे ।
मंच के प्रांतीय महामंत्री अरविन्द सिसोदिया ने बताया कि तवांग यात्रा केवल धार्मिक अथवा पर्यटन यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकात्मता, सांस्कृतिक चेतना और सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रति सम्मान प्रकट करने का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है।
इस यात्रा का शुभारंभ वर्ष 2012 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन में हुआ था। यह यात्रा प्रतिवर्ष नवंबर माह में आयोजित की जाती है। इसकी परंपरागत रूपरेखा में गुवाहाटी के मां कामाख्या मंदिर से अरुणाचल प्रदेश के तवांग और भारत-तिब्बत सीमा के निकट बुमला पास तक पहुंचने का कार्यक्रम शामिल है।
राष्ट्रीय संप्रभुता एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रति जागरूकता: प्रांत अध्यक्ष अरविन्द कौशल ने कहा कि तवांग और अरुणाचल प्रदेश भारत की राष्ट्रीय अस्मिता एवं संप्रभुता के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों पर किए जाने वाले दावों के बीच यह यात्रा भारत की क्षेत्रीय अखंडता के प्रति दृढ़ संकल्प का संदेश देती है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और उसकी संस्कृति एवं विरासत देश की राष्ट्रीय एकता से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि मंच तिब्बत की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत, तिब्बती समाज के अधिकारों, तिब्बत की आजादी तथा कैलाश मानसरोवर को चीन के नियंत्रण से मुक्त कराने जैसे विषयों पर भी जनजागरण करता है। तवांग यात्रा इन विषयों पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनचेतना विकसित करने का माध्यम है।
सांस्कृतिक विरासत और वीर सैनिकों को नमन: तवांग यात्रा भारत और तिब्बत के सदियों पुराने धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी सुदृढ़ करती है। तवांग का प्रसिद्ध बौद्ध मठ एशिया के प्रमुख बौद्ध धार्मिक केंद्रों में शामिल है। वर्ष 1959 में तिब्बत से भारत आए बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के ऐतिहासिक आगमन से भी इस क्षेत्र का विशेष महत्व जुड़ा हुआ है। यात्रा के दौरान बोमडिला, दिरांग सहित विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए यात्रियों को पूर्वोत्तर भारत की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और सीमावर्ती क्षेत्रों के जीवन को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
यात्रा में वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों तथा वीर सैनिकों के बलिदान को भी नमन किया जाएगा। जसवंतगढ़ स्थित महावीर चक्र से सम्मानित राइफलमैन जसवंत सिंह रावत का स्मारक विशेष आकर्षण रहेगा। यहां यात्री वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात भारतीय सेना के जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।
सिसोदिया ने बताया कि चित्तौड़ प्रांत से कुल 118 यात्रियों की सहभागिता में कोटा महानगर के 99 यात्रियों का पहली बार शामिल होना विशेष उल्लेखनीय है। यह सहभागिता राष्ट्रीय एकात्मता, सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक चेतना के प्रति बढ़ती जागरूकता का परिचायक है।

