संगठन को सशक्त बनाने के लिए समन्वय व जिम्मेदारी के साथ कार्य करना जरूरी

0
23

अखिल भारतवर्षीय महिला संगठन (पश्चिमांचल) कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित

कोटा। अखिल भारतवर्षीय महिला संगठन (पश्चिमांचल) द्वारा कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ऑनलाइन झूम पर किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योति राठी ने संगठन की श्रंखलाबद्ध कार्यप्रणाली, संगठनात्मक संरचना तथा विभिन्न पदाधिकारियों के दायित्वों एवं अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने संगठन को सुचारु एवं सशक्त बनाने के लिए आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर बल दिया। संगठन को परिवार की तरह ही बांध के रखने की बात कही।
राष्ट्रीय महामंत्री किरण लड्डा दिल्ली ने प्रोटोकॉल, बैठक का एजेंडा तैयार करने, रिपोर्टिंग, न्यूज़ एवं कार्यवृत्त बनाने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने संगठन के कार्यों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने की आवश्यकता बताई।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता मोदानी ने कोषाध्यक्ष के दायित्वों , बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया बताई। महिला संगठन द्वारा संचालित महिला सेवा ट्रस्ट व महासभा द्वारा संचालित ट्रस्टों की महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने वित्तीय पारदर्शिता एवं व्यवस्थित लेखा-जोखा रखने पर विशेष जोर दिया। बजट बनाकर काम करने की सलाह दी।

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी ने समय प्रबंधन, संगठन के विधान का महत्व तथा प्रभावी नेतृत्व के सूत्रों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन , समर्पण एवं सकारात्मक नेतृत्व के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने के साथ दूरदर्शिता, सबको साथ लेकर चलना, संवाद , निर्णय क्षमता, विश्वास करना और जिम्मेदारी सौंपना, विनम्रता, कार्यकर्ताओं का सम्मान आदि बिंदुओं को ध्यान में रखकर कार्य करने की प्रेरणा दी।

राष्ट्रीय समिति प्रभारियों ने अपनी-अपनी समितियों के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर स्वर्णिम तकनीकी संचार समिति की सपना लाहोटी ने साइबर फ्रॉड से बचने और हर पारिवारिक समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड नहीं करने की सलाह दी।

स्वर्णिम कार्यकर्ता कौशल समिति की रंजना बाहेती ने कार्यकर्ता प्रशिक्षण में ग्रास रूट पर चर्चा की। स्वर्णिम साहित्य रचना समिति की सरोज मालपानी ने साहित्य की विभिन्न विधाओं के अंतर्गत कार्य करने की बात कही।

स्वर्णिम बाल एवं किशोरी विकास समिति की कविता माहेश्वरी ने बाल संस्कारों के साथ सुदृढ़ राष्ट्र निर्माण की बात की। स्वर्णिम शक्ति वंदनम समिति की माधुरी मोदी ने व्यापार के लिए महिलाओं को प्रशिक्षित करने की बात कही।

स्वर्णिम आरोग्यम समिति की डॉ. अल्पना लड्ढा ने स्वास्थ्य संबंधी भावी योजनाओं के बारे में प्रकाश डाला। स्वर्णिम ग्राम विकास एवं राष्ट्रीय उत्थान समिति की नीतू सोमानी ने पंच तत्व, जल संरक्षण, बहुशिक्षा, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता के बारे में कार्यशाला लेने की बात कही।

स्वर्णिम आध्यात्म एवं संस्कृति समिति की पूनम दरगड़ ने संस्कारों एवं परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने की सलाह दी। स्वर्णिम परिणय बंधन समिति की सीमा मूंदड़ा ने सामाजिक समस्याओं के समाधान पर बल दिया।

स्वर्णिम परिवार प्रबोधन समिति की वर्षा डागा ने पारिवारिक एकता को बढ़ावा देने पर बल दिया। स्वर्णिम प्रोफेशनल फोरम समिति की उषा मोहता ने महिलाओं की व्यवसाय में भागीदारी पर चर्चा की।

अंत में, उपाध्यक्ष मधु बाहेती व संयुक्त मंत्री कुंतल तोषनीवाल ने सभी अतिथियों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों, समिति प्रभारियों एवं पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त मार्गदर्शन को संगठनात्मक कार्यों में अपनाने का आग्रह किया।