कोटा। Costume Show in Kota Dussehra: दशहरा मेला 2026 के अंतर्गत विजयश्री रंगमंच पर कुतुर इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी संस्थान की ओर से बुधवार को ‘परिधान शो’ का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय मंच के माध्यम से स्थानीय कला, कोटा डोरिया और खादी को आम जन के सामने प्रस्तुत कर बढ़ावा देने का अनूठा प्रयास किया गया।
रंग-बिरंगी रोशनी और सधे कदमों से कैटवॉक करती मॉडल्स को देखकर उपस्थित दर्शकों में कोटा डोरिया और खादी के प्रति गर्व की अनुभूति हुई। कार्यक्रम में कोटा डोरिया और खादी से बने परिधानों को पहनकर कैटवॉक करती मॉडल्स को देखकर हर कोई अचंभित था। इस दौरान ‘पिया घर आया…’ और ‘केसरियो बालम’ सरीखे पारंपरिक गीतों की मधुर धुनों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। जिससे पूरा प्रांगण संगीमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान कुल छह अलग-अलग राउंड्स आयोजित किए गए। जिनमें संस्थान के छोटे और बड़े मॉडल्स ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। पहले राउंड की शुरुआत कोटा डोरिया की खूबसूरत जरी साड़ियों के साथ हुई, जिन्हें कैथून के प्रसिद्ध बुनकर असगर अली (ताना बाना) द्वारा तैयार किया गया था।
दूसरे राउंड में पारंपरिक और रजवाड़ी लहंगों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें मॉडल्स ने हाथों में तलवार लेकर बेहद आकर्षक और साहसिक प्रस्तुतियां दीं। तीसरे राउंड में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक कर दर्शकों का भरपूर स्नेह और तालियां बटोरीं।
राजस्थान की शान ‘लहरिया थीम’ पर आधारित चौथे राउंड में संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक और वेस्टर्न कलेक्शंस को प्रदर्शित किया गया। पांचवें राउंड में छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए वेस्टर्न कलेक्शन ने मंच की रौनक को और अधिक बढ़ा दिया।
छठा एवं अंतिम राउंड कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण केंद्र रहा, जिसमें देशभक्ति की अनूठी झलक देखने को मिली। इस दौरान नन्ही बालिका अशमी राजवंशी ने तिरंगे के तीन रंगों को एक अलग ही अंदाज़ में पेश किया, जिससे पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
शो में कुतुर इंस्टीट्यूट के छोटे व बड़े मॉडल्स ने अलग-अलग राउंड्स में खादी एवं कोटा डोरिया से बने परिधानों को अलग ही अंदाज में पेश किया, जहां मॉडल्स ने रैम्प वॉक कर विभिन्न कलेक्शन प्रस्तुत किए और साथ ही सामाजिक संदेश देने का भी सार्थक प्रयास किया।
इस भव्य कार्यक्रम की सभी तैयारियां कुटुर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों द्वारा संस्था की निदेशक पूजा राजवंशी के कुशल निर्देशन में पूरी की गईं। संस्थान की निदेशक पूजा राजवंशी ने इस अवसर पर कहा कि इस राष्ट्रीय मंच के माध्यम से हमारा मुख्य उद्देश्य हमारी स्थानीय धरोहर जैसे खादी और कोटा डोरिया को जन-जन तक पहुँचाना और इसे बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का बेहतरीन और ऊर्जावान मंच संचालन प्रसिद्ध उद्घोषक अंशुल शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी शानदार शैली से पूरे कार्यक्रम को बांधे रखा। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां सम्माननीय अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

