कोटा। 133वें राष्ट्रीय मेला दशहरा-2026 के अन्तर्गत 15 अक्टूबर को निकलने वाली प्रभु श्री राम की भव्य राम बारात शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को महापौर अनुसुइया गोस्वामी के नेतृत्व में नगर निगम के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे शोभायात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में उप महापौर विवेक राजवंशी, शहर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, पंडित गोविंद शर्मा, पूर्व महापौर राजीव भारती, शहर महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, अतिरिक्त मेला अधिकारी भावना सिंह, उपायुक्त धीरज कुमार सोनी,चीफ इंजीनियर महेश गोयल सहित निगम के उच्च अधिकारी शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने गीता भवन से यात्रा प्रारंभ कर वाल्मीकि भवन, सब्जी मंडी, भगत सिंह चौराहा, गांधी जी की पुल, कैथूनी पोल चौराहा, टिपटा एवं किशोरपुरा दरवाजा होते हुए दशहरा मैदान तक के पूरे मार्ग का पैदल अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने राम बारात के मार्ग को अभूतपूर्व और दिव्य बनाने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। महापौर गोस्वामी ने कहा कि पूरे यात्रा मार्ग पर केसरिया पताकाएं, झालर और आकर्षक बंदनवार लगाए जाएं। विशेष सजावट के साथ ही, विद्युत सज्जा भी हो। जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार तैयार किए जाएं, जिससे पूरे वातावरण में सनातन संस्कृति की अलौकिक झलक दिखाई दे।
उन्होंने मार्ग में पड़ी निर्माण सामग्री, मलबा और चारा पॉइंट्स को तत्काल हटाने के आदेश दिए गए। महापौर ने स्पष्ट किया कि बारात के मार्ग में कहीं भी गंदगी या मलबा नजर नहीं आना चाहिए और विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। महापौर ने ढीले एवं लटकते बिजली के तारों को ऊंचा करने, पर्याप्त रोशनी रखने, खुले तारों को सुरक्षित करने तथा मार्ग के सभी गड्ढों एवं सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर को राम बारात के दिन दोपहर 2 बजे के बाद पूरे मार्ग को खाली कराएं, यातायात को डायवर्ट कर रास्ते को पूरी तरह क्लियर रखें। महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मंशा और आकांक्षाओं के अनुरूप राम बारात को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे इसमें शामिल होने वाले हर श्रद्धालु को ऐसा अनुभूति हो कि वे साक्षात प्रभु श्री राम की बारात के सहभागी बन रहे हैं। शहरवासियों को इस पावन यात्रा से सीधा जोड़ने और भव्य स्वागत की अभूतपूर्व तैयारियां की जा रही हैं।
शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे राम ध्वज
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने निर्देश दिए हैं कि राम बारात के अवसर पर पूरा शहर राममय नजर आना चाहिए। इसके लिए शहर के सभी प्रमुख त्योहारों पर रामध्वज लगाई जाए।

