Stock Market: सेंसेक्स 72500 के पार, निवेशकों को 4 लाख करोड़ का मुनाफा

0
5

नई दिल्ली। Stock Market Update 1:48 PM : चौतरफा खरीदारी के चलते लगातार 2 सेशन से जारी भारी बिकवाली पर ब्रेक लग गया है। सेशन के दौरान बेंचमार्क इंडेक्स डेढ़-डेढ़ फीसदी तक उछले। जोरदार तेजी को IT शेयरों से सहारा मिल रहा। तेजी को TCS का शेयर लीड कर रहा, जो 5.5 फीसदी तक उछला। बंपर तेजी में BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 4 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है। 

चौतरफा खरीदारी से घरेलू बाजारों में जोश देखने को मिल रहा। सेंसेक्स कारोबारी सेशन में 900 अंक उछला और 72502 का उच्चतम स्तर छुआ। निफ्टी भी 22534 तक पहुंचा, जो गुरुवार को 22179 तक फिसल गया था। यह इंडेक्स का 52-वीक का निचला स्तर भी है।

SBI सिक्योरिटीज के मुताबिक बड़े बैंकिंग और IT शेयरों में शॉर्ट कवरिंग से बेंचमार्क इंडेक्स में तेज रिकवरी देखने को मिली। शॉर्ट कवरिंग यानी गिरावट की उम्मीद में बेचने वाले ट्रेडर्स अपनी पोजिशन बंद करने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। निफ्टी की तेजी में HDFC बैंक, TCS और इन्फोसिस का सबसे ज्यादा योगदान है।

ब्रॉडर मार्केट में भी रौनक है। मिडकैप इंडेक्स भी करीब 1.7 फीसदी तक उछला। हालांकि, स्मॉलकैप में तेजी थोड़ी कम है। इंडेक्स में करीब आधे फीसदी की तेजी दर्ज की गई।  शेयर मार्केट में सेंसेक्स-निफ्टी की ओपनिंग ग्रीन हुई है और सेंसेक्स 72000 के पार चला गया है। सेंसेक्स में 411 अंकों की बढ़त है। जबकि, निफ्टी 110 अंक ऊपर 22339 पर पहुंच गया है। बता दें बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 183 अंकों की बढ़त के साथ 71776 के लेवल पर खुला।

जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 83 अंक ऊपर 22315 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा। बेंचमार्क इंडेक्स आधे-आधे फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 72000 और निफ्टी 22380 के पार निकल गए। 

बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी IT सेक्टर में देखने को मिल रही है। निफ्टी IT इंडेक्स 2.7 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इंडेक्स में शामिल सभी 10 शेयरों में तेजी है। हैवीवेट TCS का शेयर 4.4 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर है। कोफोर्ज और एम्पेसिस भी 3-3 फीसदी से ज्यादा उछल गए हैं। हालांकि, फार्मा और एनर्जी शेयरों में कमजोरी दर्ज की जा रही। 

गुरुवार को लाल निशान में बंद हुआ था
भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को चौतरफा बिकवाली देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 1,045 अंक यानी 1.44 प्रतिशत गिरकर 71,593 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 में 371 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 22,231 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 22,179 तक फिसल गया, जो एक नया इंट्राडे 52 सप्ताह का निचला स्तर था।

सेंसेक्स और निफ़्टी के लिए ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • अमेरिकी बाजार: अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज शुरुआती गिरावट से उबरकर मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके उलट, एसएंडपी 500 में 0.5 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट में 1.25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी, कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़ी खबरों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
  • एशियन मार्केट: एशियाई बाजारों में भी कमजोरी दिखाई दी। जापान का निक्केई 225 शुरुआती कारोबार में करीब एक प्रतिशत नीचे था। दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजार शुक्रवार को छुट्टी के कारण बंद रहे। वैश्विक बाजारों से मिले इन संकेतों के कारण भारतीय शेयर बाजार में कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।
  • कच्चे तेल की कीमतें: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भारतीय शेयर बाजार के लिए एक प्रमुख जोखिम बनी हुई है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए महंगा कच्चा तेल आयात बिल, महंगाई और कंपनियों की लागत पर दबाव डाल सकता है। इससे ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं और कंपनियों की कमाई को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ सकती है। यदि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आती है, तो बाजार को राहत मिल सकती है। इसके उलट, कीमतों में फिर तेजी आने पर बिकवाली बढ़ने का जोखिम रहेगा।