कोटा। आगामी नवरात्रि दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए कोटा व्यापार महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने KEDL के CRM राजेश पाटौदी से मुलाकात कर शहर में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन ने CRM राजेश पाटौदी को बताया कि त्योहारों से पहले कोटा शहर में लगे सभी डीपी एवं ट्रांसफार्मरों की जांच, आवश्यक सर्विसिंग और रखरखाव का कार्य समय रहते पूरा करवाया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान ओवरलोड अथवा तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
उन्होंने कहा कि परकोटा क्षेत्र पुराने शहर में पिछले कुछ समय से बार-बार बिजली जाने के कारण इस क्षेत्र के व्यापारियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्रा दशहरा और दीपावली के दौरान बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं और देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बाजारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद आवश्यक है।
अध्यक्ष क्रांति जैन ने कहा कि त्योहार शुरू होने से पहले ही संभावित तकनीकी समस्याओं को चिह्नित कर उनका समाधान किया जाए। साथ ही, बिजली फॉल्ट होने की स्थिति में तत्काल समाधान के लिए विशेष टीम और पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, ताकि व्यापारियों एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
KEDL के CRM राजेश पाटौदी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि त्योहारों को देखते हुए बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रतितिधिमण्डल मे कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन,उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र, अनिमेष जैन एवं सचिव यश मालवीय उपस्थित रहे।

