बघेरवाल समाज को मिलेगा अत्याधुनिक सामुदायिक केंद्र, 11 को होगा लोकार्पण

0
17

कोटा। बघेरवाल समाज के लिए लंबे समय से संजोया जा रहा सामुदायिक भवन का सपना अब साकार होने जा रहा है। श्री दिगम्बर जैन बघेरवाल जनकल्याण समिति, कोटा के तत्वावधान में निर्मित बघेरवाल सामुदायिक भवन का लोकार्पण एवं भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन 11 अक्टूबर को दोपहर 12.15 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रशासनिक भवन एवं मुख्यद्वार का उद्घाटन तथा पंडित आशाधर जी के चित्र का अनावरण भी होगा।

समिति पदाधिकारियों के अनुसार समाज के अग्रपुरुषों के प्रयासों से वर्ष 2003 में समाज को भूखंड उपलब्ध हुआ था। इसके बाद वर्ष 2013 में समाज के जागरूक बंधुओं ने भूखंड को पुनः समाज को आवंटित करवाया। समाज की बढ़ती आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यहां सामुदायिक भवन निर्माण का संकल्प लिया गया। समाज के परिवारों, सहयोगियों और भामाशाहों के सामूहिक सहयोग से यह संकल्प अब साकार रूप ले चुका है।

पंडित आशाधर भवन को समाज की सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना है। यहां समाज के पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजनों के साथ विभिन्न सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। समिति ने भवन निर्माण में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन समाज की एकजुटता, सहयोग और सेवा भावना का प्रतीक है।

प्रचार प्रसार समिति के प्रवक्ता यतीन्द्र जैन ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत शनिवार, 10 अक्टूबर को होगी। सुबह 9 बजे पंच परमेष्ठी विधान, शाम 7 से 8 बजे भक्तामर पाठ तथा रात 8 से 10 बजे ‘तमिल जैन एक विस्तृत विरासत’ डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।

रविवार, 11 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे ध्वजारोहण, दीप प्रज्ज्वलन, पंडित आशाधर जी के चित्र का अनावरण, प्रशासनिक भवन उद्घाटन, मुख्यद्वार उद्घाटन एवं पंडित आशाधर भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसी अवसर पर भामाशाह सम्मान समारोह भी आयोजित होगा। शाम 5 बजे से स्नेहभोज की व्यवस्था रहेगी।