12 दिवसीय गणेश महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और धार्मिक आयोजनों की धूम
कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल के संयोजन में रोटेदा रोड स्थित गुरु धाम कॉलोनी में जल शुद्धता एवं पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संदेश दिया जा रहा है।
यहां स्थापित संत स्वरूप चंदन गणेश की भव्य प्रतिमा की मनमोहक सुगंध से आसपास का पूरा वातावरण महक उठा है। पंडाल में प्रतिदिन भक्ति और आस्था से सराबोर विविध सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि जलीय जीवों और पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष एक विशेष नवाचार किया गया है। इसके तहत 240 किलोग्राम शुद्ध मिट्टी से 7 फीट ऊंची संत स्वरूपा ‘श्री चंदन गणेश’ की अत्यंत भव्य प्रतिमा का सृजन किया गया है।
इस प्रतिमा पर 15 किलोग्राम औषधीय चंदन पाउडर का लेप किया गया है। वहीं भगवान श्री गणेश का श्रृंगार केसर, कुमकुम, हल्दी और चूने जैसे प्राकृतिक रंगों के साथ-साथ 1200 रुद्राक्ष की मालाओं से किया गया है।
विसर्जन के समय जब यह मिट्टी और चंदन जल में प्रवाहित होंगे, तो चंदन घुला जल नदियों और तालाबों के जलीय जीवों के लिए स्वास्थ्यवर्धक और राहतकारी साबित होगा।
कोटा जिला अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस 12 दिवसीय गणेश महोत्सव की श्रृंखला में सोमवार को भक्तिमयी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ कथक नृत्यांगना नेहा पांचाल द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना और भक्तिपूर्ण नृत्य से हुआ। जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात एके अकादमी ग्रुप के कलाकारों ने राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कर्मयोगी ने आगामी कार्यक्रमों का विवरण देते हुए बताया कि 22 सितम्बर को श्री रघुराज सिंह कर्मयोगी के कुशल संचालन में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन ग्यारस के पावन अवसर पर विशाल खाटू श्याम भजन संध्या व जागरण होगा।
23 सितम्बर को स्थानीय प्रख्यात कलाकारों द्वारा सुमधुर भजन गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। 24 सितम्बर को पंडित प्रदीप जोशी एवं वैभव जोशी समूह द्वारा भव्य महाआरती संपन्न होगी।
श्रद्धालुओं को विशाल लड्डू-बाटी-चूरमा का महाभोग वितरित किया जाएगा। तत्पश्चात 25 सितम्बर को प्रातः 11 बजे अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर भगवान श्री चंदन गणेश की प्रतिमा मुख्य शोभायात्रा में शामिल होगी।

