ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मिलेंगी सरकारी सेवाएं
कोटा। आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सांसद जनसेवा अभियान’ के तहत कोटा में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों में जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न जरूरी सेवाएं लोगों को उनके नजदीक ही उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान का उद्देश्य लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।
कोटा जिले में 22, 23, 24 और 26 सितंबर को ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविर आयोजित होंगे। शिविरों का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। अभियान के तहत विशेष रूप से जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जन्म प्रमाण-पत्र के लिए आवेदक का फोटो एवं आधार, माता-पिता का आधार एवं जन आधार, अन्य दो गवाहों के आधार तथा आवेदक का अध्ययनरत प्रमाण-पत्र, यदि उपलब्ध हो, प्रस्तुत करना होगा।
मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए मृतक का फोटो एवं आधार, शपथ-पत्र में आवेदक का फोटो एवं आधार, अन्य दो गवाहों के आधार एवं फोटो तथा शोक संदेश की चिट्ठी, यदि उपलब्ध हो, आवश्यक होगी।

