कोटा में आज से सजेगी दुर्लभ सिक्कों, नोटों और डाक टिकटों की राष्ट्रीय प्रदर्शनी

0
103

ऐतिहासिक पोस्टकार्ड और विंटेज प्रचार सामग्री भी बनेगी मुख्य आकर्षण

कोटा। इतिहास के पन्नों, राजा-महाराजाओं के कालखंड और दुर्लभ ऐतिहासिक विरासतों से रूबरू होने का सुनहरा अवसर कोटावासियों को मिलने जा रहा है। स्टेम्प्स, कॉईन्स, नोट्स सोसाइटी (एसएनसी) कोटा के तत्वावधान में 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की दुर्लभ सिक्कों, नोटों और डाक टिकटों (स्टाम्प्स) की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

शहर के सेवन वंडर पार्क के सामने स्थित एक होटल में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन करेंगे। आमजन प्रातः 11 बजे से सायंकाल 6 बजे तक इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे।

सोसायटी के फाउंडर सौरभ लोढ़ा एवं को-फाउंडर शुभम लोढ़ा ने बताया कि तीन दिवसीय प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण देशभर से आ रहे विख्यात संग्रहकर्ता, विशेषज्ञ और उनकी विशेष स्टॉल्स होंगी। मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, असम और तमिलनाडु सहित देश के कई राज्यों से संग्रहकर्ता कोटा पहुंच रहे हैं।

प्रदर्शनी में सोसायटी के संरक्षक आनंद राठी, नरेन्द्र कटियाल, उद्धबदास मरचुनिया तथा प्रमुख संग्रहकर्ता निखिलेश सेठी, सुधीर तुलस्यान व अभिनंदन सेठी के अति-दुर्लभ व्यक्तिगत कलेक्शंस प्रदर्शित किए जाएंगे।

सौरभ लोढ़ा ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को भारतीय इतिहास की समृद्ध झलक देखने को मिलेगी। यहाँ स्वतंत्रता संग्राम और राजनीतिक इतिहास के तहत स्वराज पार्टी, भारतीय जनसंघ और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ऐतिहासिक चंदा कूपन प्रदर्शित किए जाएंगे।

प्राचीन और मध्यकालीन इतिहास को समेटे सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल के सिक्कों से लेकर मुगल सल्तनत, ब्रिटिश हुकूमत और स्वतंत्र भारत द्वारा जारी विभिन्न ऐतिहासिक व दुर्लभ सिक्कों का भव्य संग्रह आकर्षण का केंद्र रहेगा।

सिक्कों के अलावा, विभिन्न कालखंडों के दुर्लभ पोस्टकार्ड, ऐतिहासिक डाक टिकट, विंटेज अखबार तथा पुरानी कंपनियों द्वारा प्रचार-प्रसार के लिए उपयोग में ली जाने वाली विंटेज प्रचार सामग्री भी प्रदर्शित की जाएगी।

​सोसायटी ने शहर के इतिहास प्रेमियों, विद्यार्थियों और आमजन से इस निशुल्क तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी में पहुँचकर भारत के गौरवशाली और दुर्लभ इतिहास को प्रत्यक्ष देखने की अपील की है।